शिमला: पिकअप खाई में गिरी; मां-बेटे समेत 6 लोगों की मौत
शिमला: पिकअप खाई में गिरी; मां-बेटे समेत 6 लोगों की मौत
शिमला: शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हादसे में मां-बेटे समेत छह लोगों की मौत हो गई है। पुलिस थाना रामपुर के तहत आने वाले दुर्गम क्षेत्र काशापाट जा रही एक पिकअप गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 500 मीटर नीचे तकलेच-देवठी सड़क किनारे जा गिरी। सूचना मिलने के बाद पुलिस का दल भी मौके के लिए रवाना हुआ। ग्रामीणों की मदद से राहत कार्यों को अंजाम दिया जा रहा है।
वहीं पुलिस से मिली जानकारी आज पुलिस थाना रामपुर को सूचना प्राप्त हुई कि टैकलेच से काशापाट मार्ग पर एक पिकअप वाहन (नंबर HP-06B-2420), जिसमें चालक सहित छह लोग सवार थे, सड़क से नीचे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। दुर्घटना में वाहन में वाहन चालक सहित सवार सभी छह व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। सभी शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) टैकलेच पहुंचाया गया है, जहां उनका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—
अभिषेक सैनी (23 वर्ष), पुत्र श्री नर सिंह, निवासी गांव शरनाल, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला।
अशोक जैन (32 वर्ष), पुत्र श्री दयाल जैन, निवासी छल्टा, तहसील रामपुर, जिला शिमला (वाहन चालक)।
लायक राम (56 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय श्री मागू राम, निवासी पट, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला।
नितिन जैन (23 वर्ष), पुत्र श्री मैन राम, निवासी छल्टा, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला।
आशा कुमारी (40 वर्ष), पत्नी श्री सत्य प्रकाश आजाद, निवासी गांव कवानू, डाकघर बिशलाधार, तहसील आनी, जिला कुल्लू।
उगल आजाद (12 वर्ष), पुत्र श्री सत्य प्रकाश आजाद, निवासी गांव कवानू, डाकघर बिशलाधार, तहसील आनी, जिला कुल्लू।
प्रथम दृष्टया मामला वाहन चालक की लापरवाही से संबंधित प्रतीत होने पर पुलिस द्वारा संबंधित कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत मामला दर्ज किया जा रहा है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
जिला पुलिस शिमला इस दुखद दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी व्यक्तियों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है।