ताज़ा समाचार

DC लाहुल-स्पीति किरण भड़ाना के पूर्व विधायक पिता का निधन, CM सुक्खू ने जताया दुख

हिमाचल: राजस्थान के भरतपुर जिले में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या का मामला सामने आया है। वह हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले की उपायुक्त किरण भड़ाना के पिता थे। प्रारंभिक मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, भरतपुर जिले के भोंडा गांव में क्रशर प्लांट से जुड़े विवाद के दौरान यह घटना हुई। बताया गया है कि अतर सिंह भड़ाना रविवार शाम प्लांट पर पहुंचे थे। इस दौरान स्थानीय लोगों के साथ विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक हो गया।

रिपोर्टों के मुताबिक, हमले में अतर सिंह भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बाद में जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में उनके साथ मौजूद गगन शर्मा के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, क्रशर प्लांट के संचालन और खनन गतिविधियों को लेकर प्लांट पक्ष तथा स्थानीय ग्रामीणों के बीच विवाद चल रहा था। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने की बात सामने आई है। हालांकि, विवाद की पूरी वजह, घटना में शामिल लोगों की भूमिका और हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी दुखद समाचार मिलते ही लाहुल स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना केलंग से राजस्थान के लिए रवाना हो गई हैं।

मुख्यमंत्री ने उपायुक्त किरण भड़ाना के पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना के पिता अतर सिंह भड़ाना के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुःखद घड़ी में वह उनके साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत की आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed