ताज़ा समाचार

किन्नौर: पिकअप खाई में गिरी; दो युवकों की मौत…

शिमला: किन्नौर के भावानगर में एक पिकअप के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से गाड़ी में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दोनों युवक पिकअप लेकर भावा वैली से वांगतू की तरफ जा रहे थे। हादसा सड़क के एक सुनसान हिस्से में हुआ, जिसके चलते किसी को भी गाड़ी के खाई में गिरने का पता नहीं चला। शनिवार रात को चौपाल निवासी सुनील कुमार ने भावानगर पुलिस को अपनी पिकअप गाड़ी (HP-08A-3774) के लापता होने की सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस की तलाश के दौरान रविवार दोपहर दुर्घटनाग्रस्त पिकअप का पता चला। शेरपा कॉलोनी से आगे काफनू की तरफ सड़क के नीचे गहरी खाई में गाड़ी दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को खाई से बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया। दोनों युवकों के शवों को खाई से निकालने के लिए पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को मौके पर बुलाया गया। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक शादीशुदा थे। मृतकों की पहचान चौपाल निवासी दया (37) और उमेश (24) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक पिकअप में सेब ढुलाई के लिए इस्तेमाल होने वाले क्रेट लेकर जा रहे थे। इन दिनों किन्नौर जिले में सेब का सीजन चल रहा है। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में कैसे गिरी। हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed