कुल्लू: केंद्रीय ऊन विकास बोर्ड, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत बुनाई एवं डिजाइनिंग प्रशिक्षण केंद्र, शास्त्री नगर, कुल्लू में चार माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रशिक्षण 2 नवंबर, 2026 से शुरू होगा।
प्रशिक्षण केंद्र प्रभारी ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य अभ्यर्थियों को बुनाई एवं डिजाइनिंग के कार्य में दक्ष बनाना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में 30 अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान कार्यदिवसों में उपस्थिति के आधार पर 125 रुपये प्रतिदिन वजीफा भी प्रदान किया जाएगा। इसमें महिला, पुरुष एवं ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी अपनी आयु, पहचान, नाम, पता, शैक्षणिक योग्यता तथा बुनाई एवं डिजाइनिंग के अनुभव से संबंधित विवरण सहित आवेदन 29 अक्तूबर, 2026 को शाम 5 बजे तक बुनाई एवं डिजाइनिंग प्रशिक्षण केंद्र, शास्त्री नगर, कुल्लू में जमा करवा सकते हैं।
अभ्यर्थियों का चयन गठित समिति द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। साक्षात्कार 30 अक्तूबर, 2026 को प्रातः 11 बजे प्रशिक्षण केंद्र, शास्त्री नगर, कुल्लू में आयोजित होगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को अलग से कोई पत्र जारी नहीं किया जाएगा।












