बिलासपुर सदर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के 14 पदों पर भर्ती, 23 अक्तूबर तक करें आवेदन

बिलासपुर: बाल विकास परियोजना सदर, जिला बिलासपुर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं के कुल 14 रिक्त पदों को भरने के लिए पात्र स्थानीय महिला उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार आवश्यक दस्तावेजों सहित 23 अक्तूबर, 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन जमा करवा सकती हैं। पात्र उम्मीदवारों के साक्षात्कार 28 अक्तूबर, 2026 को प्रातः 10 बजे उपमंडलाधिकारी (नागरिक) सदर के कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे।

इन आंगनवाड़ी केंद्रों में भरे जाएंगे पद: जारी सूचना के अनुसार पर्यवेक्षक वृत्त मेथी के अंतर्गत ब्रह्मपुखर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का एक पद तथा अर्बन क्षेत्र के वार्ड नंबर-5 और वार्ड नंबर-9 में आंगनवाड़ी सहायिकाओं के पद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त हरनोडा वृत्त के नैहर, बैरी वृत्त के चमलोग, रानी कोटला वृत्त के डाबर-2, रानी कोटला, सोलग ज्योरा, निचली साई एवं साई ब्राह्मणा तथा मलोखर वृत्त के थाच में आंगनवाड़ी सहायिकाओं के रिक्त पद भरे जाने हैं। ब्रह्मपुखर वृत्त के अंतर्गत भजून, निहारखंड बासला-1 और दयोथ केंद्रों में भी रिक्त पद शामिल हैं। उम्मीदवार संबंधित केंद्र और पद की पुष्टि बाल विकास परियोजना सदर कार्यालय से कर सकती हैं।
पात्रता एवं शैक्षणिक योग्यता: आवेदन करने वाली महिला उम्मीदवार हिमाचल प्रदेश की स्थायी निवासी तथा संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के सर्वे क्षेत्र की निवासी होनी चाहिए। आवेदन की अंतिम तिथि तक आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। दोनों पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। उम्मीदवार के परिवार की वार्षिक आय 50,000 रूपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए तहसीलदार, नायब तहसीलदार अथवा कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
आवेदन के साथ संलग्न करने होंगे आवश्यक दस्तावेज: उम्मीदवार सादे कागज पर आवेदन करें तथा उसमें पद और संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र का नाम स्पष्ट रूप से लिखें। आवेदन के साथ सर्वे क्षेत्र का प्रमाण पत्र, हिमाचली स्थायी निवासी प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण के लिए दसवीं कक्षा का प्रमाण पत्र, 12वीं एवं उच्चतर शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नवीनतम नकल तथा निर्धारित प्रारूप में परिवार की वार्षिक आय का प्रमाण पत्र संलग्न करना होगा।
नियमानुसार लागू होने पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, बाल सेविका, बालवाड़ी अध्यापिका, नर्सरी अध्यापिका, संबंधित पंचायत में कार्यरत सिलाई अध्यापिका अथवा ईसीसीई शिशु पालक के अनुभव प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत किए जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अथवा अन्य पिछड़ा वर्ग, 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता, स्टेट होम अथवा नारी सेवा सदन की प्रवासिनी, अनाथ, विधवा, परित्यक्ता या तलाकशुदा होने, पति के सात वर्ष से लापता होने तथा केवल दो बेटियां और कोई बेटा न होने से संबंधित प्रमाण पत्र, जहां लागू हों, संलग्न किए जा सकते हैं। सभी दस्तावेजों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियां आवेदन के साथ लगाना अनिवार्य है।
25 अंकों के आधार पर होगा चयन: भर्ती प्रक्रिया में कुल 25 अंक निर्धारित किए गए हैं। शैक्षणिक योग्यता के लिए अधिकतम 10 अंक, अनुभव के लिए 3 अंक, 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता के लिए 2 अंक, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अथवा अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित होने पर 2 अंक, निर्धारित विशेष श्रेणियों के लिए 3 अंक, केवल दो बेटियां और कोई बेटा न होने की स्थिति में 2 अंक तथा व्यक्तिगत साक्षात्कार के लिए 3 अंक निर्धारित हैं। शैक्षणिक योग्यता के अंतर्गत 12वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के प्रतिशत के आधार पर अधिकतम 7 अंक, स्नातक के लिए 2 अतिरिक्त अंक तथा स्नातकोत्तर के लिए 1 अतिरिक्त अंक का प्रावधान है। अनुभव एवं अन्य पात्रता संबंधी अंकों का निर्धारण निर्धारित नियमों के अनुसार किया जाएगा।

इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन जमा करवाएं तथा भर्ती संबंधी विस्तृत शर्तों और केंद्र वार रिक्तियों की जानकारी बाल विकास परियोजना सदर कार्यालय से प्राप्त करें।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed