शिमला: निर्वाचन विभाग कार्यालय के बाहर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन..

शिमला : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में पार्टी नेताओं , पदाधिकारियों व बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं राज्य चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर केंद्रीय मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ धरना प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला फूंका।  इस धरना प्रदर्शन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल,उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पशुपालन मंत्री चौधरी चंद्र कुमार,शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह,अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी चेतन चौहान, विदित चौधरी, रघुवीर बाली,प्रदेश संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा,पीसीसी, जिला ब्लॉक,अग्रणी संगठनों व विभागों के पदाधिकारी,  शिमला नगर निगम के महापौर पार्षदगण व सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय चुनाव आयोग के खिलाफ जबरदस्त  नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश्वर कुमार को पद से हटाने की मांग की।

कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने के लिये करेगी देशव्यापी आंदोलन  – रजनी पाटिल

प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने इस दौरान कहा कि केंद्रीय मुख्य चुनाव आयुक्त ने देश के मतदाताओं के अधिकार को छीना है इसके लिये उन्हें कभी माफ नही किया जा सकता। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले से ही एस आई आर को दोषपूर्ण बता रहें थे,अब इसकी पुष्टि दो चुनाव आयुक्तों ने अपने पत्र में भी कर दी है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने चुनाव आयोग की विश्वसनीयता को तार तार कर दिया है, इसलिए उन्हें अब इस पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने के लिये देशव्यापी आंदोलन करेगी।

चुनाव आयोग की जगह भाजपा चुनाव आयोग की सफाई देने में लगी है – मुकेश अग्निहोत्री

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य चुनाव आयुक्त के कामकाज की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने भाजपा के इशारे पर देश के 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं को उनके अधिकार से वंचित किया है। उन्होंने कहा कि देश मे पहली बार चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठे हैं और चुनाव आयोग की जगह भाजपा चुनाव आयोग की सफाई देने में लगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब चुप बैठने वाली नहीं। लोकतंत्र में जनमत की चोरी करने वाली भाजपा के खिलाफ कांग्रेस जन आंदोलन करेगी।

भाजपा के वोट चोरी और चुनाव आयोग की मिलीभगत का अब पर्दाफाश हो गया है – विनय कुमार

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने इस दौरान कहा कि प्रदेश कांग्रेस केंद्रीय चुनाव आयोग की धांधलियों को जन जन में उजागर करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के वोट चोरी और चुनाव आयोग की मिलीभगत का अब पर्दाफाश हो गया है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने चुनाव आयोग की साख को गिराया है, इस लिये उन्हें कभी माफ नही किया जा सकता।

विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों व ब्लॉकों में कांग्रेस भाजपा के वोट चोरी के खिलाफ नुक्कड़ सभाएं कर लोगों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करेगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed