मुख्यमंत्री ने कुल्लू सड़क हादसे पर शोक व्यक्त किया
कुल्लू, (आनी) :आनी उपमंडल के अंतर्गत शमशर–गुगरा सड़क मार्ग पर शनिवार शाम करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। भारी आंधी-तूफान के चलते एक विशालकाय चीड़ का पेड़ अचानक चलती बोलेरो गाड़ी पर गिर गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गया।)
प्राप्त सूचना के अनुसार हादसे के समय वाहन में चालक सहित कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें 6 स्कूल अध्यापिकाएं शामिल थीं। इस भीषण दुर्घटना में चार महिलाओं की मौके पर ही दुखद मृत्यु हो गई, जबकि चालक और दो अन्य अध्यापिकाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
उपमंडलाधिकारी आनी, लक्ष्मण सिंह कनेट ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।
प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को 25,000 रुपये प्रति व्यक्ति की अंतरिम राहत राशि प्रदान की गई है, जबकि घायलों को 5,000-5,000 रुपये की फौरी सहायता मौके पर ही दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
मुख्यमंत्री ने कुल्लू सड़क हादसे पर शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में आज हुए एक दुखद हादसे में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
यह हादसा उस समय हुआ जब सात लोगों को लेकर आ रही एक गाड़ी पर अचानक पेड़ गिर गया। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत की आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने और घायलों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आनी में हुई दुखद घटना पर किया गहरा शोक व्यक्त
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में हुई दुखद घटना में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आनी (कुल्लू) के शमशर-गुगरा मार्ग पर हुए भीषण हादसे में 4 महिला शिक्षिकाओं के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।ईश्वर पुण्यात्माओं को शांति प्रदान करें। हादसे में घायल हुए लोगों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।
शिक्षा मंत्री ने आनी में दुखद घटना पर जताया शोक
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में हुई दुखद घटना में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद हृदय विदारक है और पूरे समुदाय के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत की आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने इस कठिन समय में शोक संतप्त परिवारों को शक्ति प्रदान करने की भी कामना की।
रोहित ठाकुर ने स्थानीय प्रशासन को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने तथा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।