ताज़ा समाचार

शिमला: ग्राम पंचायत पुजारली में 26 नवंबर को भूमि अधिग्रहण से प्रभावित लोगों की जन सुनवाई

हिमाचल: प्रदेश भूमि अधिग्रहण, पुनर्स्थापन और पुनर्वास में उचित मुआवजा और पारदर्शिता अधिकार अधिनियम, 2013 के प्रावधानों के अंतर्गत शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड (SJPNL) की योजना Sub Head-L WSS Shimla के लिए ग्राम पंचायत पुजारली में प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण के संबंध में 26 नवंबर, 2026 को जन सुनवाई आयोजित की जाएगी।

उपमंडलाधिकारी (नागरिक), शिमला ग्रामीण कार्तिकेय शर्मा द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह जन सुनवाई प्रातः 11 बजे ग्राम पंचायत पुजारली में आयोजित होगी। इसमें प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण से प्रभावित परिवारों, संबंधित ग्राम पंचायत तथा अन्य इच्छुक व्यक्तियों को अपने सुझाव, आपत्तियां एवं विचार प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

सामाजिक प्रभाव आकलन रिपोर्ट पर लिए जाएंगे सुझाव: जन सुनवाई के दौरान हिमाचल प्रदेश सामाजिक प्रभाव आकलन इकाई (SIAU) द्वारा तैयार सामाजिक प्रभाव आकलन रिपोर्ट तथा सामाजिक प्रभाव प्रबंधन योजना पर चर्चा की जाएगी। उक्त रिपोर्ट हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में तैयार की गई है, ताकि प्रभावित परिवार एवं अन्य संबंधित व्यक्ति इसकी जानकारी प्राप्त कर अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज करवा सकें।

प्रभावित परिवारों से जन सुनवाई में भाग लेने की अपील: प्रशासन ने सभी संबंधित व्यक्तियों एवं इच्छुक पक्षों से निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर उपस्थित होकर सामाजिक प्रभाव आकलन रिपोर्ट एवं योजना के संबंध में अपने सुझाव, विचार और आपत्तियां प्रस्तुत करने की अपील की है। प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों पर विचार कर उन्हें नियमानुसार अंतिम रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा।

प्रभावित व्यक्ति जन सुनवाई की तिथि से तीन सप्ताह के भीतर अपनी लिखित आपत्तियां एवं सुझाव अधोहस्ताक्षरी के समक्ष भी प्रस्तुत कर सकते हैं। सामाजिक प्रभाव आकलन रिपोर्ट एवं सामाजिक प्रभाव प्रबंधन योजना की प्रतियां संबंधित कार्यालयों के अतिरिक्त www.sjpnl.comतथाwww.himachal.nic.in/hipa वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed