मण्डी: सैर पर्व के उपलक्ष्य में 17 सितंबर को रहेगा स्थानीय अवकाश

मण्डी: सैर पर्व के उपलक्ष्य में 17 सितंबर, 2026 (वीरवार) को मंडी जिला में स्थानीय अवकाश रहेगा। इस बारे में उपायुक्त अपूर्व देवगन की ओर से आदेश जारी किए गए हैं।

उपायुक्त ने सभी मंडीवासियों को सैर पर्व की शुभकामनाएं दी हैं और जिला वासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की है। उन्होंने कहा कि मंडी जिला चिरकाल से अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजे हुए है और यहां की लोक परंपराओं एवं उत्सव-त्यौहारों से लोगों का जुड़ाव आज भी उतना ही गहरा है।

सैर पर्व की पूर्व संध्या पर आज मंडी बाजार में काफी रौनक रही। दिनभर लोग सैर पूजा में प्रयोग होने वाले पेठू व अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी में जुटे रहे। इस दौरान अखरोट की भी खूब बिक्री होती रही। बरसात का मौसम बीतने के उपरांत ऋतु परिवर्तन के रूप में यह त्यौहार सदियों से मंडी जनपद में पूरी श्रद्धा एवं उत्साह से मनाया जाता है। इस रोज घर में सैर पूजन के साथ ही विशेषतौर पर ग्रामीण अंचलों में बच्चे अखरोट भी खेलते हैं। परिजन व निकट संबंधी एकदूसरे को दूर्बा व अखरोट भेंट कर उनके अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की मंगल कामना करते हैं। इस दौरान घर में बने विशेष व्यंजनों का भी सभी भरपूर आनंद उठाते हैं। इस पर्व के उपरांत ग्रामीण क्षेत्रों में मक्की व धान की फसल तथा घास कटाई का कार्य भी शुरू हो जाता है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed