गर्मियों की छुटियां काटने 40 दिनों के लिये मण्डी आई है कंगना, 4 जून के बाद लौट जाएंगी मुंबई

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सरकार में भी फ्लॉप थे और अब इन चुनावों में भी  फ्लॉप होंगे। उन्होंने कहा है कि मण्डी संसदीय क्षेत्र से विक्रमादित्य सिंह  ही जीत हासिल करेंगे और उनकी प्रत्याशी चुनाव हारने के बाद फिर से अपनी फिल्मी दुनिया में लौट जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने शासनकाल में प्रदेश को लूटने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी।आज प्रदेश के हर नागरिक पर एक लाख तीन हजार का कर्ज है चढ़ा कर गए है जयराम ठाकुर।

आज कुल्लू जिला के आनी में विक्रमादित्य सिंह के पक्ष में  चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए  मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को तहस नहस किया। प्रदेश पर 70 हजार करोड़ से अधिक का ऋण व 10 हजार करोड़ से अधिक की देनदारियां उन्हें विरासत में भाजपा से मिली। उन्होंने कहा कि बावजूद इसके सरकार ने  एक लाख 36 हजार कर्मचारियों को ओपीएस भी बहाल किया और महिलाओं को 1500 रुपए की गांरटी भी पूरी की। 

सुक्खू ने भाजपा पर कर्मचारी विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रेदश के कर्मचारियों का पेंशन का अंशदान 9 हजार करोड़ केंद्र के पास फंसा पड़ा है ऒर भाजपा इसे जारी करवाने से रोक रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में सत्ता परिवर्तन के साथ ही पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई ओपीएस को बंद कर दिया गया। इससे साफ है कि भाजपा ओपीएस की विरोधी है।

सुक्खू ने कहा कि यह चुनाव लोकतंत्र को बचाने के लिए है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चारों लोकसभा की सीटों पर कांग्रेस की जीत तय है। उन्होंने कहा कि मण्डी संसदीय क्षेत्र से विक्रमादित्य को भारी मतों से विजयी बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोक निर्माण मंत्री रहते उन्होंने बहुत ही बेहतर कार्य किया है और केंद्र में जाने के बाद भी प्रदेश के विकास में उनकी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

इससे पूर्व विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता मण्डी संसदीय क्षेत्र को आदर्श संसदीय क्षेत्र बनाने का है। उन्होंने कहा कि आनी क्षेत्र में पर्यटन को विकसित करने के लिये  आनी से जलोड़ी जोत में टनल का निर्माण किया जाएगा इसकी डीपीआर बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि दलाश में पोल टेक्निकल कॉलज भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आपदा के दौरान निरमंड मंडल में सड़कों के रखरखाव और इसके सुधार पर 140 करोड़ खर्च किये गए।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मण्डी संसदीय क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी अपनी सभाओं में बेबुनियाद बातें कर लोगों का मनोरंजन कर रहीं हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें न तो प्रदेश की कोई जानकारी है और न ही मण्डी संसदीय क्षेत्र की। उन्होंने कहा कि अपनी पराजय देख कर वह पूरी तरह बौखलाहट में है। उन्होंने कहा कि वह गर्मियों की छुटियां काटने 40 दिनों के लिये  वह मण्डी आई है और 4 जून के बाद मुंबई लौट जाएंगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed