भूतपूर्व सैनिकों की नियुक्तियों के लिए जिलावार चयन प्रक्रिया 18 से

हमीरपुर : प्रदेश में विभिन्न परियोजनाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर भूतपूर्व सैनिकों की आउटसोर्स आधार पर नियुक्ति के लिए हिमाचल प्रदेश भूतपूर्व सैनिक निगम (हिमपैस्को) हमीरपुर 18 नवंबर से जिलावार चयन प्रक्रिया आरंभ करने जा रही है।

हिमपैस्को के सहायक सुरक्षा अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार भूतपूर्व जेसीओ और अन्य रैंकों के भूतपूर्व सैनिकों की चयन प्रक्रिया के लिए अलग-अलग दिन निर्धारित किए गए हैं। 18 नवंबर को हमीरपुर और चंबा जिले के अन्य रैंकों के भूतपूर्व सैनिकों का चयन किया जाएगा। 19 और 20 नवंबर को कांगड़ा, 21 को मंडी और बिलासपुर, 23 को ऊना, शिमला और किन्नौर, 25 को सोलन, कुल्लू, सिरमौर और लाहौल-स्पीति जिलों के भूतपूर्व सैनिकों की स्क्रीनिंग की जाएगी।

26 नवंबर को हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर और सोलन के जेसीओ की स्क्रीनिंग होगी। 27 को कांगड़ा, चंबा और सिरमौर, 28 को मंडी, शिमला, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के जेसीओ की स्क्रीनिंग की जाएगी।

सभी इच्छुक एवं पात्र भूतपूर्व सैनिकों को अपनी मूल डिस्चार्ज बुक और इसकी स्वप्रमाणित छायाप्रति साथ लानी होगी और उन्हें सुबह दस बजे हिमपैस्को के मुख्यालय पहुंचना होगा। पिछले वर्ष की स्क्रीनिंग में चयनित और वेटिंग लिस्ट के भूतपूर्व सैनिकों को दोबारा स्क्रीनिंग में भाग लेने की आवश्कता नहीं है।

जेसीओ की कैटेगरी में नायब सूबेदार, सूबेदार, सूबेदार मेजर और मानद कमीशन के भूतपूर्व सैनिक पात्र होंगे। एक जनवरी 2027 को इनकी आयु 54 वर्ष से कम होनी चाहिए। अन्य रैंकों की कैटेगरी में हवलदार तथा ऑनरेरी नायब सूबेदार तक के भूतपूर्व सैनिक पात्र होंगे। एक जनवरी 2027 को इनकी आयु 55 वर्ष से कम होनी चाहिए। सशस्त्र सुरक्षा गार्ड की श्रेणी के लिए अभ्यर्थी के पास वैध शस्त्र लाइसेंस होना चाहिए। चालक के लिए ड्राइविंग लाइसेंस, अग्निशमन कर्मी के लिए फायरमैन डिप्लोमा या प्रमाण पत्र अनिवार्य है। जेसीओ की कैटेगरी की स्क्रीनिंग में उन्हीं जेसीओ को अनुमति दी जाएगी, जिन्होंने हिमपैस्को में पंजीकरण करवाया हो। मनोचिकित्सीय कारणों से सेवामुक्त किए गए या इन्हीं कारणों से निम्न चिकित्सा श्रेणी में रखे गए भूतपूर्व सैनिक स्क्रीनिंग के लिए पात्र नहीं होंगे।

इस चयन प्रक्रिया के नियम, शर्तें और अन्य सभी जानकारी हिमपैस्को की वेबसाइट एचपीएक्ससर्विसमैन.ओआरजी पर उपलब्ध करवाई गई हैं।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed