शिमला : शिमला जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे सहित 5 लोगों की जान चली गई। कार अनियंत्रित होकर सड़क से खाई में जा गिरी। शिमला जिले की टिक्कर तहसील के दरोटी गांव के पास यह हादसा हुआ। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई व एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। मृतकों में मां-बेटे सहित तीन नेपाली नागरिक शामिल हैं।
यह दुर्घटना रोहडू उपमंडल के नावर क्षेत्र की टिक्कर तहसील में दरोटी गांव के पास हुई। पुलिस के अनुसार दरोटी निवासी कुशल पुत्र प्रमोद अपनी मां कल्पना देवी पत्नी प्रमोद के साथ नेपाली मजदूरों को घास काटने के लिए ले जा रहा था। इसी दौरान वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में दरोटी गांव निवासी कुशल पुत्र प्रमोद और उसकी मां कल्पना देवी पत्नी प्रमोद की मौत हो गई। इनके अलावा तीन नेपाली नागरिकों ने भी दुर्घटना में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान निर्मला पत्नी पवन, मीना पत्नी प्रेम और रोशनी पुत्री प्रेम के रूप में हुई है। हादसे में घायल एक नेपाली मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शिमला रेफर किया गया है।
तहसीलदार टिक्कर प्रियंजली और नायब तहसीलदार मेहर सिंह फिष्टा ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी पांच लोगों के परिजनों को प्रशासन की ओर से फौरी राहत के रूप में 15-15 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
टिक्कर के दरोटी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मृत्यु पर मुख्यमंत्री ने किया शोक व्यक्त
रोहड़ू थाना के अंतर्गत (पुलिस चौकी टिक्कर) दरोटी क्षेत्र में पानु नाला के पास एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से पाँच लोगों की असामयिक मृत्यु और कुछ लोगों के घायल होने का समाचार प्राप्त होने पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
उन्होंने इस दुखद हादसे में अपने प्रियजन को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री ने प्रार्थना करते हुए कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक-संतप्त परिजन को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल लोगों को नजदीकी अस्पताल में समुचित उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
टिक्कर के दरोटी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मृत्यु पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जताया शोक














