कुल्लू : कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को कटागला, छलाल और रशोल गांवों को जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। नाबार्ड की ग्रामीण अवसंरचना विकास निधि योजना के अंतर्गत स्वीकृत इस परियोजना पर कुल 13 करोड़ 18 लाख रुपये (1317.80 लाख रुपये) की लागत आएगी।
विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यह सड़क निर्धारित समयावधि से चार माह पहले, मात्र 12 माह के भीतर, गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का लक्ष्य दिया गया है। इस अवसर पर गांववासियों ने विधायक का पुष्प-गुच्छों एवं परंपरागत रीति-रिवाज के साथ जोरदार स्वागत किया। वर्षों से सड़क सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे कटागला, छलाल और रशोल के ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की सबसे बड़ी मांगों में से एक रही है।
विधायक ठाकुर ने कहा कि सड़क पूर्ण होने पर कटागला, छलाल और रशोल तीनों गांव सीधी सड़क सुविधा से जुड़ जाएंगे। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण अब तक इन गांवों के लोगों को पैदल ही लंबा सफर तय करना पड़ता था। सड़क बनने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि किसानों को अपनी खेती-बाड़ी की उपज बाजार तक पहुंचाने, चिकित्सा सुविधाओं तक त्वरित पहुंच और बच्चों की शिक्षा में भी सुगमता मिलेगी। उन्होंने इलाका वासियों को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
विधायक ने इस सड़क के लिये विभाग को पार्वती नदी के दोनों छोरों से एक साथ कार्य आरंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि शागणा-बलरगा-शिल्ला सड़क को भी प्राथमिकता में शामिल किया गया है। साथ ही दुर्गम गांव ग्राहण और नक्शान को भी सड़क सुविधा से जोड़ने की योजना है।














