हिमाचल: मण्डी जिले की हणोगी टनल में 2 ट्रकों की भीषण टक्कर, 4 की मौत , 7 घायल

हिमाचल: मण्डी जिले में चंडीगढ़ मनाली फोरलेन पर दो ट्रकों की भीषण टक्कर में 4 लोगों की मौत हो गई। गुरुवार सुबह मनाली-कीरतपुर फोरलेन पर हनोगी टनल के अंदर दो ट्रक आमने सामने से टकरा गए। हादसे में जहां तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक घायल ने अस्पताल में दम तोड़ा है। फिलहाल, 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद टनल के अंदर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे में दोनों ट्रकों को भारी नुकसान पहुंचा है। टक्कर के कारण एक ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वह टनल के बीच में ही खड़ा है। पुलिस और प्रशासन की टीम क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाने में जुटी है।

डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने हादसे की पुष्टि की है। दुर्घटना के बाद चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। राहत एवं बचाव कार्य के साथ पुलिस ने यातायात को सामान्य कराने की कोशिश की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed