शिमला: दयानन्द स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों ने दिखाया देशभक्ति का जज्बा ; 10 से 17 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति गतिविधियां आयोजित
शिमला: दयानन्द स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों ने दिखाया देशभक्ति का जज्बा ; 10 से 17 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति गतिविधियां आयोजित
शिमला: राष्ट्रभक्ति, उत्साह और उमंग से सराबोर दयानन्द पब्लिक स्कूल, दी मॉल, शिमला में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 10 अगस्त से 17 अगस्त तक विभिन्न देशभक्ति गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया। नर्सरी से कक्षा XII तक के सभी विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ इन कार्यक्रमों में सहभागिता निभाई। विद्यालय परिसर में देशभक्ति नृत्य, ओजस्वी भाषण, देशभक्ति गीत, कविताएँ, लघु नाटिकाएँ एवं स्किट प्रस्तुत कर विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान और राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवंत कर दिया। एनसीसी कैडेट्स तथा विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों द्वारा शानदार मार्च पास्ट ने वातावरण को देशभक्ति के जोश से भर दिया।
विद्यार्थियों ने प्रदर्शन बोर्ड सजाने, चित्रकला प्रतियोगिता जैसी रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागिता कर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना प्रकट की। विद्यालय में प्रतिदिन ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन तथा विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रहित और देश की एकता अखंडता की शपथ भी ली गई। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या अनुपम ने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
दयानन्द पब्लिक स्कूल में आयोजित यह सप्ताह देशभक्ति, अनुशासन, रचनात्मकता और राष्ट्रीय एकता का ऐसा शानदार संगम बना, जिसने पूरे विद्यालय परिसर को ‘भारत माता की जय’ के जोश से गुंजायमान कर दिया।