ताज़ा समाचार

जनगणना के दूसरे चरण के लिए तीन चरणों में दिया जा रहा प्रशिक्षण – DC अनुपम कश्यप

शिमला: जनगणना के दूसरे चरण के लिए तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके मद्देनज़र आज बचत भवन में उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में प्रशिक्षिण शिविर का आयोजन किया गया। पहला शिविर 11 से 12 अगस्त, दूसरा शिविर 13 एवं 14 अगस्त और तीसरा शिविर 17, 18 और 19 अगस्त 2026 तक चलेगा। इन शिविर में जिला स्तर, उपमंडल स्तर और तहसील स्तर के अधिकारियों को जणगणना के दूसरे चरण के बारे में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उपायुक्त ने कहा कि जनगणना के दूसरे चरण में भी सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ ड्यूटी करें। जनगणना में तय मानकों में सही जानकारी भरी जानी चाहिए। इसके अलावा कोई भी तथ्य छूटना नहीं चाहिए। 1 सिंतबर से 30 सिंतबर 2026 तक जनगणना-2027 के दूसरे चरण अर्थात जनसंख्या गणना की तैयारियां जिला शिमला में तेज कर दी गई हैं। हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक एवं मौसमी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए राज्य में जनसंख्या गणना का कार्य राष्ट्रीय कार्यक्रम से अलग समय-सारणी के अनुसार किया जाएगा। दूसरे चरण में प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जनसांख्यिकीय, सामाजिक एवं आर्थिक जानकारी निर्धारित प्रपत्र के अनुसार दर्ज की जाएगी। भारत सरकार के अनुसार हिमाचल प्रदेश के लिए जनसंख्या गणना का विशेष चरण सितंबर 2026 में आयोजित किया जाना है।
जनगणना का यह चरण अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके माध्यम से जिले की वास्तविक जनसंख्या, परिवारों की संरचना, आयु एवं लिंग संबंधी विवरण, शिक्षा, रोजगार, प्रवास तथा अन्य सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से संबंधित अद्यतन आंकड़े प्राप्त होंगे। इस बार जनगणना की प्रक्रिया को डिजिटल तकनीक से संचालित किया जा रहा है, जिससे आंकड़ों के संग्रहण, निगरानी और प्रबंधन में अधिक पारदर्शिता एवं दक्षता सुनिश्चित होगी।
जिला प्रशासन शिमला द्वारा जनगणना कार्य में तैनात अधिकारियों एवं प्रगणकों को आवश्यक प्रशिक्षण और दिशा-निर्देश प्रदान किए जा रहे हैं। प्रगणक निर्धारित क्षेत्रों में घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार एवं व्यक्ति की जानकारी दर्ज करेंगे। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वह जनगणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं तथा जनगणना कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें। सामान्य तौर पर जनसंख्या गणना पूरे भारत में फरवरी के महीने में की जाती है, जो फरवरी 2027 से की जाएगी। लेकिन हिमाचल प्रदेश स्नोबाउंड स्टेट है जिसमें बहुत सारे क्षेत्र ऐसे हैं, जिसमें बर्फ गिरती है। इसी में जिला शिमला भी शामिल है। 
जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि जनगणना कर्मियों के साथ सहयोग करें और मांगी गई जानकारी सही रूप में उपलब्ध करवाएं। प्रत्येक परिवार की सहभागिता से शिमला जिला की जनसंख्या का सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़ा तैयार करने में सहायता मिलेगी। इस दौरान नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल, एडीएम प्रोटोकाॅल ज्ञान सागर नेगी, सभी एसडीएम, जिला राजस्व अधिकारी शिवानी भारद्वाज, नायब सदर कानूनगो ओम प्रकाश सहित अन्य गणमान्य भी मौजूद रहे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed