सरकाघाट में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका के 37 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित

सरकाघाट: बाल विकास परियोजना अधिकारी, गोपालपुर स्थित सरकाघाट, जगदीश शर्मा ने जानकारी दी कि समेकित बाल विकास सेवा योजना (आईसीडीएस) के अंतर्गत सरकाघाट क्षेत्र के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 12 तथा आंगनबाड़ी सहायिका के 25, कुल 37 रिक्त पदों को भरा जाना है। इन पदों के लिए पात्र महिला उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के एक-एक रिक्त पद ग्राम पंचायत चौरी के गमधौल, ग्राम पंचायत थौना के बंदरोपा, ग्राम पंचायत ढलवान के मस्यानी-1, ग्राम पंचायत बल्दवाड़ा के कारनी एवं हरल्याण, ग्राम पंचायत जुकैण के जुकैण, ग्राम पंचायत थाना के नैन पलेंन, ग्राम पंचायत बकारटा के गध्याणी-1, ग्राम पंचायत मसेरन के तलांगरा, ग्राम पंचायत भांबला के भांबला-1, ग्राम पंचायत खुडला के अपर मनवाना तथा बरोट-1 स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में भरे जाएंगे।

इसी प्रकार आंगनबाड़ी सहायिका के एक-एक रिक्त पद ग्राम पंचायत थौना के करनाल, ग्राम पंचायत टिक्कर के टिक्कर, ग्राम पंचायत चहलोग के थुर्ड, ग्राम पंचायत पटड़ीघाट के गोभड़ता एवं सेरली बताही, ग्राम पंचायत चौक के नाहरला, ग्राम पंचायत गैहरा के जनीहण, ग्राम पंचायत बल्दवाड़ा के खनौट-1 एवं हरल्याण, ग्राम पंचायत नरोला के बारी-II एवं भगबान, ग्राम पंचायत बकारटा के बकारटा-1 ,गध्याणी-1 एवं टिक्करी -1 , ग्राम पंचायत रखोह के कलोट एवं डोडर, ग्राम पंचायत बाग के ध्यान, ग्राम पंचायत खलारडू के फडाणू, ग्राम पंचायत सुलपुर जबोठ के खरसल, ग्राम पंचायत भांबला के जोल एवं सध्वाणी-1, ग्राम पंचायत नवानी के कटोह, ग्राम पंचायत खुडला के धतोली-II, ग्राम पंचायत जमणी के जमणी तथा ग्राम पंचायत गोपालपुर के बड़ाल-1 स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में भरे जाएंगे।

आवेदन की अंतिम तिथि 02 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार 08 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे एसडीएम कार्यालय, सरकाघाट में आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए केवल महिला उम्मीदवार ही पात्र होंगी। आवेदिका की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उसका नाम संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के सर्वे परिवारों की सूची में दर्ज होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। उम्मीदवार का न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साथ ही हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना भी अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि इच्छुक महिला उम्मीदवार सादे कागज पर आवेदन पत्र भरकर सभी आवश्यक दस्तावेजों की सत्यापित प्रतियों सहित 02 सितंबर 2026 को सायं 5 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी, गोपालपुर स्थित सरकाघाट के कार्यालय में जमा करवा सकती हैं। साक्षात्कार के दिन सभी मूल दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, विशेष श्रेणियों तथा व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर निर्धारित नियमों के अनुसार की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार अधिक जानकारी के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी, गोपालपुर स्थित सरकाघाट के कार्यालय में संपर्क कर सकती हैं।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed