शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने प्रदेश के भाजपा नेताओं पर आरोप लगाया है कि वह केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष झूठ बोलकर प्रदेश की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहें है। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार वित्तीय अनुशासन के साथ अपने सभी दायित्व को सफलता पूर्वक पूरा कर रही है।
विनय कुमार ने कहा है कि केंद्र सरकार प्रदेश के विकास में कोई भी सहयोग नहीं दे रही है, बाबजूद इसके प्रदेश सरकार ने अपने सीमित संसाधनों से सभी विकास कार्यो को भी गति प्रदान कर रही है और प्राकृतिक आपदाओं भारी बारिश से हो रहे नुकसान से भी लोगों को राहत प्रदान कर रही है।
विनय कुमार ने कहा है कि प्रदेश में भारी बारिश से आपदा प्रभावित सभी परिवारों को जिनके घर पूरी तरह से ध्वस्त हो रहे हैं उन्हें घर निर्माण के लिये 7.50 लाख और घर का सामान खरीद के लिए 1 लाख अतिरिक्त दे रही है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में आपदा राहत के लिये न तो केंद्र से कोई सहायता मिल रही है और न ही भाजपा इसमें कोई सहयोग दे रही है। झूठ बोल कर लोगों को गुमराह करना भाजपा का मुख्य एजेंडा है ,जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
विनय कुमार ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2024 में प्रदेश को आपदा राहत के लिये 1500 करोड़ देने की बात कही थी,वह आज दिन तक पूरी नहीं हुई। भाजपा इस पर कभी अपना मुंह नहीं खोलती। प्रदेश की आरडीजी बंद कर दी गई है,इस पर भी भाजपा के मुंह पर ताला लगा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार के कुप्रबंधन के चलते 70 हजार से अधिक का ऋण व 10 हजार करोड़ से अधिक की कर्मचारियों की देनदारियां प्रदेश की कांग्रेस सरकार को विरासत में मिली है।
विनय कुमार ने कहा है कि भाजपा के पास प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ कोई भी मुद्दा नहीं है, ऐसे में भाजपा झूठ बोल कर लोगों को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को मुंह की खानी पड़ेगी, कांग्रेस पूर्ण बहुमत से फिर से प्रदेश में अपनी सरकार बनाएगी।