अग्निवीर भर्ती प्रवेश परीक्षा 2027 का परिणाम घोषित; मण्डी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के 2769 अभ्यर्थी सफल

हिमाचल:भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती के लिए आयोजित ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा 2027 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों की सूची भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध है।

सेना भर्ती कार्यालय मंडी के निदेशक कर्नल निशांत गौतम ने बताया कि सभी अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर ‘CEE Result’ टैब पर क्लिक करके अंबाला जोन के अंतर्गत अपना परिणाम देख और डाउनलोड कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इस परीक्षा भर्ती प्रक्रिया में कुल 11,342 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था, जिनमें से 9,284 अभ्यर्थी परीक्षा में शारीरिक रूप से उपस्थित हुए। चयन प्रक्रिया के बाद, मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों से विभिन्न श्रेणियों में कुल 2,769 अभ्यर्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है और उन्हें आगामी शारीरिक व चिकित्सा परीक्षण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।

उन्होंने बताया कि आगामी शारीरिक एवं चिकित्सा भर्ती रैलियों में अग्निवीर (सामान्य ड्यूटी ), लिपिक, स्टोर कीपर तकनीकी, ट्रेड्समैन और तकनीकी श्रेणी इन पदों के लिए भर्ती रैली 02 फरवरी से 06 फरवरी 2027 तक पड्डल ग्राउंड, मंडी (हिमाचल प्रदेश) में आयोजित की जाएगी।

सिपाही (नर्सिंग असिस्टेंट), सिपाही फार्मा, धार्मिक शिक्षक और जेसीओ श्रेणी के पदों के लिए भर्ती रैली 20 जुलाई से 27 जुलाई 2026 तक रोहतक (हरियाणा) में आयोजित की जाएगी तथा महिला सैन्य पुलिस, (महिला अभ्यर्थियों) के लिए सैन्य पुलिस रैली का आयोजन अक्टूबर 2026 के अंतिम सप्ताह में अंबाला में किया जाएगा।

भर्ती रैलियों के लिए एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) अभ्यर्थियों की पंजीकृत ईमेल आईडी पर भेजे जाएंगे अथवा अभ्यर्थी संबंधित रैली की तिथि से 3-4 सप्ताह पहले भारतीय सेना की वेबसाइट पर लॉग-इन करके भी अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे नियमित रूप से अपनी ईमेल और आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed