मण्डी: सुंदरनगर के भवाना चौक के पास निजी बस पलटी, कई यात्री घायल..
मण्डी: सुंदरनगर के भवाना चौक के पास निजी बस पलटी, कई यात्री घायल..
मण्डी: मण्डी जिले के सुंदरनगर उपमंडल में भवाना चौक के पास सोमवार दोपहर को एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दुर्घटना में करीब कई यात्री घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसा उस समय हुआ जब बस अपने निर्धारित मार्ग पर चल रही थी। इस हादसे में कई यात्रियों को चोटें आई हैं। घायलों को नजदीकी सुंदरनगर अस्पताल में भर्ती किया गया है। सूचना के अनुसार, बस बिलासपुर से सुंदरनगर जा रही थी। इसी दौरान जड़ोल-सलापड़ मार्ग पर भवाना पुल के समीप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त बस में लगभग 30 से ज्यादा यात्री सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भवाना चौक के पास अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गई। स्थानीय लोगों ने बिना देरी किए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। कुछ ही देर में पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद राहत दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत सुंदरनगर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।