शिमला: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने पार्टी नेताओं से प्रदेश में संगठन विस्तार और मजबूती के लिए एकजुटता के साथ कार्य करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि संगठन विस्तार अभियान तय सीमा में पूरा किया जाना चाहिए।
आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की आम सभा, जर्नल हाउस की बैठक में मुख्यातिथि शिरकत करते हुए रजनी पाटिल ने कहा कि सभी ब्लॉकों में ब्लॉक, जोन व पंचायत कमेटियों का भी जल्द गठन किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस व जोन की मासिक बैठक आवश्यक की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन बैठकों की रिपोर्ट पीसीसी के माध्यम से एआइसीसी को भी भेजी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस भी पदाधिकारी को जो भी जिम्मेदारी सौंपी गई है उस पर उन्हें खरा उतरना होगा। रजनी पाटिल ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस के अपने कार्यलय भवन हो इसके प्रयास भी किये जाने चाहिए।
रजनी पाटिल ने कहा कि देश में हो रहें युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़, नीट पेपर लीक जैसे मामले बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि श्रीराम के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा अयोध्या के दान पात्र, चंदा हजारों करोड़ रुपए की लूट पर पूरी तरह खामोश है। उन्होंने कहा कि यह देश ही नही अपितु विश्व के सब लोगों की आस्था पर डाका डाला गया है । लोगों को इस आस्था की लूट, युवाओं के साथ हो रहें अन्याय के खिलाफ जागरूक करना होगा।
सरकार अपनी सभी गारंटियों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है – CM सुक्खू
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सभा को सम्बोधित करते हुए मीडिया या सोशल मीडिया में विपक्ष व विरोधियों द्वारा प्रदेश सरकार के खिलाफ किसी भी झूठ या दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देने का पार्टी पदाधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों व जन कल्याणकारी निर्णयों को जन जन तक पहुंचाएं।
सुक्खू ने साफ किया कि पूर्व में भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार को वह पूरे तथ्यों के साथ उजागर करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुधारने की दिशा में उनकी सरकार ने महत्वपूर्ण कार्य किये है।
सुक्खू ने कहा कि अब प्रदेश चुनावी मोड़ पर आ रहा है। सरकार अपनी सभी गारंटियों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में चुनावी रणनीति बनाई जाएगी। प्रदेश में जल्द ही कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होंगे। सभी कार्यकर्ताओं के साथ वह सीधा संवाद करेंगे। उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों से सच्चे मन से एकजुट होकर संगठन का कार्य करने का आह्वान भी किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश में संगठन विस्तार अभियान को तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले ही दिन शिमला में भाजपा के 300 से अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का हाथ थामा है। उन्होंने दावा किया कि इस एक महीने में 8 से 10 हजार लोग कांग्रेस से जुड़ेंगे।
विनय कुमार ने जिला व ब्लॉक अध्यक्षों से अपने अपने जिलों व ब्लॉकों में 1 तारीख से 10 तारीख के मध्य नियमित तौर पर बैठके करने व इन बैठकों की पूरी कार्यवाही पीसीसी के कनेक्ट रूम को देने को कहा।
एक मंत्री को एक जिले का बनाया जाएगा प्रभारी – विनय कुमार
विनय कुमार ने कहा कि एक मंत्री को एक जिले का प्रभारी बनाया जाएगा,जिससे वह इन बैठकों में पार्टी कार्यकर्ताओं को सुन सकें।
प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिये अभी से होना होगा तैयार – मुकेश अग्निहोत्री
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सभा मे कहा कि प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिये अभी से तैयार होना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास भाजपा के खिलाफ बहुत मुद्दे हैं। भाजपा प्रदेश की हितेषी नही है। कांग्रेस ने अपने कर्मचारियों को ओपीएस देकर एक इतिहास रचा है,जबकि भाजपा ने केंद्र से मिलने वाले फंड जो प्रदेश का हक है उसे रुकबा दिया है। उन्होंने कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों का आह्वान किया कि सभी एकजुट होकर कार्य करें।
आम सभा की इस बैठक को लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह,प्रदेश संगठन महामंत्री विनोद ज़िंटा,अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव,प्रदेश मामलों के सह प्रभारी चेतन चौहान, विदित चौधरी ने संबोधित किया। सभा मे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी ब्लॉक व जिला अध्यक्षों ने भी अपनी अपनी बात रखी व उनके क्षेत्रों में संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी।