15 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित, प्रशिक्षण रहेगा पूर्णतः निःशुल्क
बिलासपुर: जिला बिलासपुर के युवाओं, महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों, कारीगरों तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) से जुड़े उद्यमियों के लिए स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा एनआईटी कॉन लिमिटेड के सहयोग से जुलाई एवं अगस्त, 2026 के दौरान तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से 15 जुलाई, 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी महाप्रबंधक मनोज कुमार ने दी
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करना, उन्हें व्यवसाय स्थापित करने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं प्रबंधकीय जानकारी उपलब्ध कराना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं वित्तीय संस्थानों से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर सृजित करना है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पॉटरी एवं क्ले प्रोडक्ट्स, स्मार्ट एमएसएमई, फूड प्रोसेसिंग, हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट्स, कृषि आधारित उत्पाद, हर्बल उत्पाद तथा श्वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट आधारित उद्यमों के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी का हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी होना, आयु 18 वर्ष या उससे अधिक होना तथा स्वरोजगार, उद्यमिता अथवा व्यवसाय शुरू करने में रुचि होना आवश्यक है। बेरोजगार युवा, इच्छुक उद्यमी, कारीगर, स्वयं सहायता समूह, महिला उद्यमी तथा अपने वर्तमान एमएसएमई का विस्तार करने के इच्छुक उद्यमी इस कार्यक्रम में आवेदन कर सकते हैं।
यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क होगा। प्रतिभागियों को व्यवसाय योजना (बिजनेस प्लान) तैयार करने, विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, बैंक ऋण एवं वित्तीय सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, विपणन एवं डिजिटल व्यवसाय, एमएसएमई पंजीकरण तथा अन्य सहायता सेवाओं के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन जिला उद्योग केंद्र, बिलासपुर में कार्यालय समय के दौरान जमा कर सकते हैं। आवेदन ईमेल gmdichelp-hp@nic.in के माध्यम से भी भेजे जा सकते हैं। आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई, 2026 निर्धारित की गई है।
अधिक जानकारी के लिए जिला उद्योग केंद्र, बिलासपुर के दूरभाष 01978-224248 अथवा श्री आशुतोष शर्मा के मोबाइल नंबर 8219115080 पर कार्यालय समय में संपर्क किया जा सकता है।