मण्डी: महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत बाल विकास परियोजना अधिकारी, धर्मपुर द्वारा आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पद को भरने के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायत झंझैल के कंडयोल आंगनबाड़ी सह-प्री स्कूल केंद्र में आंगनबाड़ी सहायिका का एक पद भरा जाएगा। चयनित सहायिका को विभाग द्वारा निर्धारित मानदेय प्रदान किया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन आवश्यक दस्तावेजों सहित 21 जुलाई 2026 सायं 5:00 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी, धर्मपुर कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इसके उपरांत प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। पात्र अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 23 जुलाई 2026 को प्रातः 10:30 बजे उपमंडलाधिकारी (ना.), सरकाघाट कार्यालय में आयोजित होंगे।
उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए अभ्यर्थी का संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के फीडर एरिया का स्थायी निवासी होना, आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होना तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10+2 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी के परिवार की वार्षिक आय 50,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। चयन विभाग द्वारा निर्धारित अंक प्रणाली एवं पात्रता मानदंडों के अनुसार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अधूरी अथवा आवश्यक दस्तावेजों के बिना प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों एवं चयन प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी बाल विकास परियोजना अधिकारी, धर्मपुर कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।