युवाओं को यूपीएससी एवं एचपीपीएससी की नि:शुल्क कोचिंग का अवसर
युवाओं को यूपीएससी एवं एचपीपीएससी की नि:शुल्क कोचिंग का अवसर
डॉ. अम्बेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 100 निःशुल्क सीटों के लिए 20 नवम्बर तक करें आवेदन
बिलासपुर : बिलासपुर जिला कल्याण अधिकारी बिलासपुर रमेश बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की योजना के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला स्थित डॉ. अम्बेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस द्वारा संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) एवं हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एचपीपीएससी) की ग्रुप-ए एवं ग्रुप-बी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक वर्षीय निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र युवाओं के लिए 100 निःशुल्क सीटें उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त 25 सशुल्क सीटें भी निर्धारित की गई हैं। निःशुल्क कोचिंग के लिए अभ्यर्थी के परिवार की वार्षिक आय 8 लाख रुपये या इससे कम, आयु 21 से 37 वर्ष तथा 12वीं और स्नातक में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है।
अभ्यर्थियों का चयन विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित सामान्य प्रवेश परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को अधिकतम 12 माह तक 4,000 रुपये प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की तैयारी के लिए 15,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 नवम्बर, 2026 निर्धारित की गई है। प्रवेश परीक्षा संभावित रूप से 29 नवम्बर को होगी तथा कक्षाएं 1 जनवरी, 2027 से शुरू होंगी। सशुल्क कोचिंग के लिए वार्षिक फीस 75,000 रुपये निर्धारित की गई है।
इच्छुक अभ्यर्थी हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट https://www.cuhimachal.ac.in/ के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बिलासपुर जिले के पात्र युवाओं से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अंतिम तिथि से पूर्व आवेदन सुनिश्चित करें।