शिमला : विमल नेगी मामले में पत्नी की राज्यपाल से गुहार, IAS हरिकेश मीणा व देशराज पर कार्रवाई की मांग
शिमला : विमल नेगी मामले में पत्नी की राज्यपाल से गुहार, IAS हरिकेश मीणा व देशराज पर कार्रवाई की मांग
हिमाचल: प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPPCL) के दिवंगत चीफ इंजीनियर विमल नेगी की पत्नी किरण नेगी ने मामले में तत्कालीन अधिकारियों हरिकेश मीणा और देशराज के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। सोमवार को उन्होंने हिमाचल जनजातीय लोक अधिकार महासंघ के प्रतिनिधियों के साथ राज्यपाल से मिलकर कर पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। किरण नेगी ने कहा कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच में हरिकेश मीणा और देशराज के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े तथ्य सामने आए हैं। इसके बावजूद अब तक दोनों अधिकारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में कुछ लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है, जिससे परिवार को न्याय मिलने में देरी हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जांच के दौरान शिमला पुलिस ने सबूत मिटाने का प्रयास किया। इस पहलू की भी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। किरण नेगी ने बताया कि परिवार जल्द ही हरिकेश मीणा और देशराज के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सीबीआई को अलग से शिकायत सौंपेगा और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की मांग करेगा। उन्होंने राज्यपाल से अनुरोध किया कि मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि परिवार को न्याय मिल सके।
गौरतलब है कि HPPCL के तत्कालीन चीफ इंजीनियर विमल नेगी 10 मार्च 2025 को रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए थे। 18 मार्च को उनका शव बिलासपुर स्थित गोबिंद सागर झील से बरामद हुआ था। इसके बाद उनकी पत्नी ने तत्कालीन एमडी हरिकेश मीणा, निदेशक देशराज सहित अन्य अधिकारियों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे।