चंबा : चंबा जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि एक घायल है। जिले के भरमौर उपमंडल में उरेई-सामरा मार्ग पर एक ऑल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त होकर 100 फीट नीचे नाले में गिर गई। हादसे में कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटना शनिवार करीब 12 बजे उस समय हुई, जब कार सवार लोग सामरा-रूणहकोठी क्षेत्र में आयोजित एक धार्मिक का
र्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति ने मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में एक घायल का उपचार अभी भी जारी है। मृतकों की पहचान चतरो देवी पत्नी पून्नू राम, निवासी उरेई, बशैहरो देवी पत्नी घनिया राम, निवासी उरेई तथा वाहन चालक अंकू, निवासी रूणहकोठी के रूप में हुई है। चौथे मृतक की पहचान अस्पताल में उपचार के दौरान हुई, जिसकी पुष्टि प्रशासन द्वारा की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को निजी वाहनों की सहायता से मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर भरमौर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में लुणा-सामरा-उरेई संपर्क मार्ग पर सारनी पुल के पास हुई सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस सड़क हादसे में एक व्यक्ति घायल भी हुआ है। शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए कि शोक ग्रस्त परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।