शिमला: 133 ईटीएफ (टीए) बटालियन के जवानों और एनसीसी कैडेट ने किया 3500 पौधों का रोपण

शिमला: शिमला जिले की तहसील सुन्नी में 133 ईटीएफ (टी ए) बटालियन अल्फा कंपनी के जवानों ने 7 हिमाचल प्रदेश एनसीसी बटालियन और अल्पसंख्यक मोर्चा मंडल के साथ मिलकर संयुक्त रूप से वृक्षारोपण अभियान चलाया। अभियान के दौरान अटल बिहारी गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज सुन्नी परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में कुल 3500 पौधों का रोपण किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के एनसीसी कैडेट और अल्पसंख्यक मोर्चा मंडल के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।

इस अवसर पर नायब सूबेदार हरदेव सिंह ने एनसीसी कैडेट और अल्पसंख्यक मोर्चा मंडल के सदस्यों को वृक्षारोपण के महत्व के बारे में जानकारी दी तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों और लोगो को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि 133 ईटीएफ (टीए) बटालियन को सौंपे गए निर्धारित वृक्षारोपण कार्य के अतिरिक्त, यूनिट ने अपने कार्यक्षेत्र में 75,000 पौधे लगाने का अतिरिक्त लक्ष्य निर्धारित किया है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए विभिन्न विद्यालयों, पंचायतों एवं स्थानीय समुदायों के सहयोग से व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, वनावरण में वृद्धि करना तथा हिमाचल प्रदेश को अधिक हरा-भरा बनाना है।
अल्पसंख्यक मोर्चा मंडल के प्रदेश प्रदेशाध्यक्ष श्री गुरमीत सिंह ने इस अवसर पर 133 ईटीएफ (टी ए) बटालियन के द्वारा चलाये वृक्षारोपण अभियान की सराहना की।

133 ईटीएफ (टीए) बटालियन के जवानों, एनसीसी कैडेट और अल्पसंख्यक मोर्चा मंडल के सदस्यों द्वारा संयुक्त प्रयास से आयोजित इस अभियान ने पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का सशक्त संदेश दिया। यह कार्यक्रम प्रकृति संरक्षण, सामाजिक सहभागिता तथा हरित भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ तथा पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed