ताज़ा समाचार

बिलासपुर वन वृत्त में सेवानिवृत्त कानूनगो एवं पटवारियों की पुनः नियुक्ति के लिए मांगे आवेदन

बिलासपुर: वन भूमि एवं वन सीमाओं से संबंधित मामलों के प्रभावी निपटारे, अभिलेखों के अद्यतन तथा सीमांकन कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से बिलासपुर वन वृत्त में एक सेवानिवृत्त कानूनगो एवं दो पटवारियों के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

इस सम्बन्ध में वन विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि चयनित कानूनगो एवं पटवारियों की सेवाएं मुख्य रूप से वन सीमाओं के सर्वेक्षण एवं सीमांकन, वन भूमि अभिलेखों को राजस्व रिकॉर्ड के साथ अद्यतन करने, अतिक्रमण संबंधी मामलों के निस्तारण तथा वन भूमि रिकॉर्ड से जुड़े अन्य कार्यों के लिए ली जाएंगी।
उन्होंने बताया कि आवेदक हिमाचल प्रदेश राजस्व विभाग में सेवानिवृत्ति से पूर्व कम से कम पांच वर्ष का सेवाकाल तथा विभागीय एवं अनुशासनात्मक मामलों से मुक्त होना अनिवार्य है। साथ ही सरकारी अस्पताल से जारी चिकित्सा फिटनेस प्रमाण पत्र भी आवेदन के साथ प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने बताया कि आवेदक की आयु 20 जून, 2026 को 65 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
चयनित सेवानिवृत्त कानूनगो को प्रतिमाह 50 हजार रुपये तथा पटवारी को 40 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा। नियुक्ति बिलासपुर एवं कुनिहार वन मंडलों में रिक्त पदों के विरुद्ध की जाएगी। यह नियुक्ति प्रारंभिक तौर पर एक वर्ष के लिए होगी, जिसे आवश्यकता एवं कार्य प्रदर्शन के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकता है।

इच्छुक एवं पात्र सेवानिवृत्त कानूनगो एवं पटवारी अपने आवेदन आवश्यक दस्तावेजों सहित 6 जुलाई, 2026 को सायं 5 बजे तक वन संरक्षक, बिलासपुर वन वृत्त के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष संख्या 01978-222372 पर संपर्क किया जा सकता है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed