कांगड़ा: 32वीं चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस के विजेता बाल वैज्ञानिकों को किया सम्मानित

कांगड़ा: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज जिला कांगड़ा के राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में आयोजित दो दिवसीय 32वीं हिमाचल प्रदेश राज्य स्तरीय चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस के समापन कार्यक्रम के दौरान साइंस क्विज, मैथेमेटिकल ओलंपियाड, इनोवेटिव साइंस मॉडल, साइंस स्किल, निबंध लेखन तथा स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस कार्यक्रम में 12 जिलों से आए लगभग 600 बाल वैज्ञानिकों एवं शिक्षकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों में विज्ञान के प्रसार के लिए दो करोड़ की राशि केंद्र सरकार से प्राप्त होती थी, लेकिन अब वह राशि बंद हो गई है। हिमकोस्टे के आग्रह पर मैंने धन उपलब्ध करवाया। अब बच्चों में वह आत्मविश्वास नजर आ रहा है, जिससे वह भविष्य की चुनौतियों का सामना करने को तैयार हैं। यह एक सोच है जो हिमाचल प्रदेश के बच्चों में देखने को मिल रही है और अध्यापक ही इस सोच को विकसित करते हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यावरण और प्राकृतिक सौंदर्य को बचाना आवश्यक है। वर्तमान कांग्रेस सरकार ने पहले बजट में प्रदेश को 31 मार्च, 2026 तक ग्रीन एनर्जी स्टेट बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया और हम इस लक्ष्य को हासिल करने जा रहे है। हम इलेक्ट्रिक व्हीकल की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम में 350 ई-बसें शुरू करने जा रहे हैं और आने वाले समय में निगम का पूरा बेड़ा ई-व्हीकल में परिवर्तित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य की एनर्जी ग्रीन हाइड्रोजन है और हिमाचल प्रदेश पूरे देश को इस दिशा में रास्ता दिखाएगा।
सदस्य सचिव हिमकोस्टे डीसी राणा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का स्वागत किया और हिमकोस्टे की विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed