शिमला: क्रिकेट प्रतियोगिता में डीएवी न्यू शिमला विजेता और दयानन्द स्कूल उपविजेता
शिमला: क्रिकेट प्रतियोगिता में डीएवी न्यू शिमला विजेता और दयानन्द स्कूल उपविजेता
शिमला: दयानन्द पब्लिक स्कूल दी मॉल शिमला की मेजबानी में आयोजित डी.ए.वी. नेशनल स्पोर्ट्स 2026 के क्लस्टर स्तरीय क्रिकेट खेलकूद प्रतियोगिता में डीएवी न्यू शिमला ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 और अंडर-19 दोनों वर्गों के खिताब अपने नाम किए। अंडर-14 के रोमांचक फाइनल मुकाबले में डीएवी न्यू शिमला ने विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया, मेजबान दयानन्द पब्लिक स्कूल उपविजेता रहा। वहीं, अंडर-17 के फाइनल मुकाबले में डीएवी लक्कड़ बाजार ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए डीएवी न्यू शिमला को हराकर खिताबी जीत हासिल की और डीएवी न्यू शिमला को उपविजेता स्थान से संतोष करना पड़ा। इसके अतिरिक्त, अंडर-19 के खिताबी मुकाबले में डीएवी न्यू शिमला ने चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया और दयानन्द पब्लिक स्कूल उपविजेता रहा । प्रतियोगिता में डीएवी टूटू, डीएवी लक्कड़ बाजार, डीएवी न्यू शिमला और दयानन्द पब्लिक स्कूल की टीमों ने विभिन्न आयु वर्गों में दमखम दिखाया। इस प्रतियोगिता में 160 खिलाडियों ने भाग लिया। समापन अवसर पर मेजबान स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती अनुपम ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया और सभी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि स्वास्थ्य की दृष्टि से खेल हर व्यक्ति के जीवन में बेहद अनिवार्य हैं।