चंबा: चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर छतरी मोड़ के पास एक कार के सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरने से कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा ने बताया कि बीती देर रात थाना डलहौजी में कार दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां चंबा सदर थाना के एसएचओ भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि वाहन में दो लोग सवार थे और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस, होमगार्ड और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को खाई से बाहर निकाला गया. आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
रात के समय अंधेरा और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बुधवार सुबह पुलिस, होमगार्ड और स्थानीय लोगों की मदद से संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को गहरी खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मौके पर डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा और चंबा सदर थाना के एसएचओ भी मौजूद रहे । फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।