शिमला: शिमला ज़िले के रोहड़ू क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला की हत्या का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात हमलावर चोरी के मकसद से घर में घुसे थे और वारदात के दौरान महिला की हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक, मामला रोहडू उपमंडल की करछारी ग्राम पंचायत नियर मंडारली के पास का है। जहां गीता देवी (77) अपने घर में अकेली रहती थीं। बुधवार सुबह जब उनकी देखभाल करने वाली महिला ने देखा कि वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलीं, तो उसने उनके बेटे गणेश को सूचना दी।
शिकायत के अनुसार 16 और 17 जून की मध्यरात्रि के दौरान कुछ अज्ञात लोग घर का दरवाज़ा तोड़कर भीतर घुसे थे। घटनास्थल की परिस्थितियों से पुलिस को संदेह है कि आरोपियों का मकसद चोरी करना था। हालांकि घर में प्रवेश के बाद हालात ऐसे बने कि गीता देवी की हत्या कर दी गई। मृतका के शरीर पर हमले के निशान पाए गए हैं।
इस घटना पर पुलिस दवारा दी जानकारी अनुसार थाना रोहड़ू में सूचना प्राप्त हुई कि शलाश डोगरी क्षेत्र में एक वृद्ध महिला अपने घर में मृत अवस्था में पाई गई हैं। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान गीता देवी (आयु लगभग 77 वर्ष) निवासी शलाश डोगरी के रूप में हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा तत्काल जांच प्रारम्भ की गई। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा RFSL टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। मृतका के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
इस संबंध में थाना रोहड़ू में अभियोग संख्या 61/2026, धारा 103, 331(8), 305, 62 एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा विभिन्न पहलुओं से गहन जांच की जा रही है तथा अपराध में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला पुलिस शिमला आमजन को आश्वस्त करती है कि मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है तथा दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।