शिमला पुलिस ने सुलझाई स्कूल संचालिका हत्या मामले की गुत्थी; हरियाणा से दो शूटर गिरफ्तार
शिमला पुलिस ने सुलझाई स्कूल संचालिका हत्या मामले की गुत्थी; हरियाणा से दो शूटर गिरफ्तार
शिमला: जिला शिमला पुलिस ने एक अत्यंत संवेदनशील हत्या के मामले को मात्र 39 घंटों के भीतर सफल अनावरण करते हुए दो पेशेवर शूटरों को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त दोनों पिस्तौल भी बरामद कर ली गई हैं। पुलिस दवारा दी गई जानकारी अनुसार दिनांक 13 जून की शाम को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, शिमला स्थित सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के समक्ष दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा श्रीमती मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
सूचना प्राप्त होते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेते हुए व्यापक स्तर पर जांच प्रारंभ की। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी स्वयं मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से विभिन्न भौतिक एवं जैविक साक्ष्य एकत्रित किए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के विभिन्न पहलुओं के विश्लेषण हेतु जिला शिमला पुलिस द्वारा विभिन्न दिशाओं में एक साथ जांच को आगे बढ़ाने हेतु कई विशेष टीमों का गठन किया गया। इन टीमों को हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के अतिरिक्त बाहरी राज्यों जैसे हरियाणा सहित अन्य संभावित स्थानों पर रवाना किया गया। पुलिस की विशेष खुफिया इकाइयों को भी सक्रिय करते हुए लगातार सूचनाएं एकत्रित की गईं तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखी गई।
जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों एवं अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए, इलेक्ट्रॉनिक डाटा , सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया तथा डिजिटल साक्ष्यों का भी परीक्षण किया गया।
उपरोक्त जांच एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस द्वारा घटना में संलिप्त दोनों आरोपियों की पहचान की गई। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि आरोपी जो हरियाणा राज्य से है, एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में शिमला आए थे। अपनी पहचान छिपाने एवं पुलिस की निगरानी से बचने के उद्देश्य से आरोपियों द्वारा अपनी हरियाणा नंबर के वाहन पर हिमाचल प्रदेश का फर्जी पंजीकरण नंबर (HP-10 सीरीज़) लगाया गया था। पुलिस द्वारा तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर उक्त वाहन की वास्तविक पहचान स्थापित की गई तथा आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
आज एक विशेष अभियान के दौरान शिमला पुलिस ने रोहतक, हरियाणा से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
1. आशीष अहलावत पुत्र सुरेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम दुजाना, जिला झज्जर, हरियाणा, आयु 22 वर्ष।
2. दीपक पुत्र सुरेन्द्र सिंह, निवासी सुनारिया खुर्द, तहसील एवं जिला रोहतक, हरियाणा, आयु 25 वर्ष।
शिमला पुलिस द्वारा त्वरित प्रतिक्रिया, पेशेवर जांच, उत्कृष्ट अंतरराज्यीय समन्वय तथा प्रभावी खुफिया तंत्र स्थापित करते हुए अत्यंत सूक्ष्म, वैज्ञानिक एवं गुणवत्तापूर्ण अन्वेषण करते हुए घटना के मात्र 40 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार दो पिस्तौल भी बरामद की हैं।
आरोपी आशीष अहलावत पर पूर्व में भी 308 BNS पुलिस स्टेशन अर्बन एस्टेट रोहतक हरियाणा।
आरोपी दीपक पर पूर्व मे 4 मुकदमे दर्ज हैं जिसमे दो आर्म्स एक्ट के मुकदमे, एक मार पिटाई का और एक 308 BNS के मुकदमे शामिल है।
मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता के संबंध में जांच जारी है तथा सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध विधि अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।