बचत भवन में स्कूली विद्यार्थियों के लिए एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित, वैभव और सपना चंदेल ने विद्यार्थियों के साथ किए अपने अनुभव साझा
बिलासपुर: जिला बिलासपुर के लिए गौरव का विषय बने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) परीक्षा में सफल अभ्यर्थी झंडूता के वैभव और तलवाड़, चांदपुर की सपना चंदेल ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त राहुल कुमार से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उपायुक्त ने दोनों युवा को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित करते हुए शुभकामनाएं दीं।
वैभव ने यूपीएससी परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 86वीं रैंक तथा सपना चंदेल ने 356वीं रैंक प्राप्त कर जिला और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उपायुक्त ने कहा कि दोनों युवाओं की सफलता जिले के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उनकी उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर परिश्रम से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
इसके उपरांत जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में स्कूली विद्यार्थियों के लिए एक विशेष संवाद एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें वैभव और सपना चंदेल ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर भी उपस्थित रहे। दोनों सफल अभ्यर्थियों ने विद्यार्थियों को यूपीएससी सहित अन्य प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक रणनीतियों, अध्ययन पद्धति, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने अपनी तैयारी के दौरान आने वाली चुनौतियों और उनसे पार पाने के अनुभव भी साझा किए।
संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर वैभव, सपना चंदेल तथा उपायुक्त राहुल कुमार ने विस्तार से दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, नियमित अध्ययन करने और निरंतर सीखने की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त ने कहा कि सफलता के लिए अनुशासन, धैर्य और समर्पण अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन समाचार पत्र पढ़ने तथा समसामयिक घटनाओं की जानकारी रखने की सलाह दी।
उपायुक्त राहुल कुमार ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच ही सफलता की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को ऊंचा रखने और उन्हें साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयास करने का संदेश दिया।