सोलन : कंडाघाट-चायल मार्ग पर कार खाई में गिरी, युवती की मौत; परिवार के 4 सदस्य घायल

सोलन : सोलन जिले में कंडाघाट-चायल मार्ग पर मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में दोची के समीप एक कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में 23 वर्षीय एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता समेत परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा इतना भयानक था कि खाई में गिरने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह एक परिवार कार में सवार होकर चायल से सोलन की ओर जा रहा था। जैसे वे दोची के पास पहुंचे, चालक ने कार से अचानक नियंत्रण खो दिया। गाड़ी सड़क से नीचे उतरी और सीधे गहरी खाई में जा गिरी। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस टीम ने खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकाला। हादसे में तोता राम, कौशल्या, सुनीता और निर्मला (निवासी चायल कोटी) को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, तोता राम की 23 वर्षीय बेटी पूजा ने घावों के ताव न सहते हुए मौके पर ही दम तोड़ दिया। 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत कंडाघाट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोलन अस्पताल भेज दिया गया है। कंडाघाट पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की पुलिस दवारा जांच शुरू की जा रही है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed