सरकाघाट: विकास खंड गोपालपुर में पंचायती राज संस्थाओं के आगामी चुनावों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज सोमवार को एसडीएम कार्यालय सरकाघाट के सभागार में सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (ग्राम पंचायत एवं पंचायत समिति) की प्रथम रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल की अध्यक्षता निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सरकाघाट, राजेंद्र कुमार गौतम ने की।
इस अवसर पर निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। निर्वाचन अधिकारी ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया, नामांकन पत्रों की जांच (समीक्षा), मतदान की व्यवस्थाएं, मतगणना तथा परिणाम घोषणा से संबंधित सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने जानकारी दी कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की तिथियां 07 मई 2026, 08 मई 2026 तथा 11 मई 2026 निर्धारित की गई हैं। इन तिथियों पर नामांकन पत्र सुबह 11:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच (समीक्षा) 12 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे से की जाएगी। इसके अतिरिक्त, उम्मीदवारों के लिए नामांकन वापसी की तिथियां 14 मई 2026 तथा 15 मई 2026 निर्धारित हैं, जिनमें वे सुबह 10:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे।
निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे चुनाव आचार संहिता का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करें तथा निर्वाचन कार्यों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को गंभीरता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न किया जाए, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में निष्पक्ष रूप से आयोजित किए जा सकें।
उन्होंने यह भी बल दिया कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों को भली-भांति समझें और समयबद्ध तरीके से कार्य करें, जिससे किसी भी प्रकार की प्रशासनिक बाधा उत्पन्न न हो। रिहर्सल के माध्यम से अधिकारियों की क्षमता को सुदृढ़ करने और चुनावी प्रक्रियाओं में एकरूपता लाने का प्रयास किया गया।