ममता दीदी के गढ़ बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, तीन राज्यों में कांग्रेस का सफाया : बिक्रम ठाकुर
ममता दीदी के गढ़ बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, तीन राज्यों में कांग्रेस का सफाया : बिक्रम ठाकुर
हिमाचल : प्रदेश( देहरा) :पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, भाजपा की जनहितकारी नीतियों और मजबूत संगठन पर जनता की अटूट आस्था का प्रमाण है। उन्होंने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में मिली सफलता को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि ममता बनर्जी के लंबे समय से बने किले में भाजपा की यह जीत जनता के मन में बदलाव की स्पष्ट इच्छा को दर्शाती है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि पश्चिम बंगाल में वर्षों से तुष्टिकरण, राजनीतिक हिंसा और भ्रष्टाचार की राजनीति ने आम जनजीवन को प्रभावित किया था, लेकिन अब जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से इन सबका जवाब दे दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राष्ट्रवादी सोच, विकास की राजनीति और पारदर्शी शासन की प्रतिबद्धता को जनता ने खुले दिल से स्वीकार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज कांग्रेस देश की राजनीति में पूरी तरह अप्रासंगिक होती जा रही है। जहां-जहां कांग्रेस ने अपने अस्तित्व को बचाने के लिए क्षेत्रीय दलों के सहारे चुनाव लड़ा, वहां भी जनता ने उसे सिरे से नकार दिया। इन चुनाव परिणामों ने यह साफ कर दिया है कि कांग्रेस अब जनता का विश्वास खो चुकी है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि इन चुनावों के नतीजे यह भी दर्शाते हैं कि देश की जनता अब केवल वादों और झूठे आश्वासनों से प्रभावित नहीं होती, बल्कि विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व को प्राथमिकता देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने हर वर्ग को लाभ पहुंचाया है, जिसके चलते जनता का विश्वास लगातार भाजपा के साथ मजबूत हुआ है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि इन परिणामों से प्रदेश की कांग्रेस सरकार को सबक लेना चाहिए। प्रदेश में सरकार अपने वादों से पीछे हट चुकी है, विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। आने वाले समय में हिमाचल की जनता भी कांग्रेस को इसी तरह करारा जवाब देगी।