हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र: CM सुक्खू बोले- भाजपा प्रदेश हित में खड़े होने के बजाय केंद्र से पैसा रुकवाने में लगी है
हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र: CM सुक्खू बोले- भाजपा प्रदेश हित में खड़े होने के बजाय केंद्र से पैसा रुकवाने में लगी है
हिमाचल: प्रदेश विधानसभा में कर्मचारियों और अधिकारियों के लंबित महंगाई भत्ते (डीए) को लेकर आज सदन में काफी हंगामा हुआ। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश इस समय आपदा से जूझ रहा है। हम प्राथमिकता के आधार पर पुनर्वास कार्यों में जुटे हैं। हमने निर्णय लिया है कि कर्मचारियों और अधिकारियों को उनका बकाया DA देंगे।
NPS का जो पैसा केंद्र के पास लंबित है, वह प्रदेश का हक़ है- हमने उसकी माँग की है। लेकिन भाजपा, प्रदेश के हित में खड़े होने के बजाय, केंद्र से पैसा रुकवाने में लगी है। यह प्रदेश की जनता के साथ अन्याय है।
पिछली भाजपा सरकार ने कर्मचारियों पर लाठीचार्ज करवाया। पानी की बौछारें चलवाई और उन्हें OPS से वंचित रखा। आज वही लोग जब विपक्ष में पहुंच गए, तब ख़ुद को कर्मचारी हितैषी होने का दिखावा कर रहे हैं। हमारी सरकार ने कर्मचारियों के सम्मान को सर्वोपरि मानते हुए पहली कैबिनेट में OPS बहाल की और बाद में DA भी दिया।
कर्मचारी भली-भाँति जानते हैं कि भाजपा की कथनी और करनी में कितना अंतर है। विपक्ष के पास न तथ्य हैं, न तर्क- केवल नाटक है। सच का सामना करने का साहस नहीं है, इसलिए वे वॉकआउट कर जाते हैं।
वहीं सीएम ने कहा कि मंत्रिमंडल के सदस्यों को जारी किए गए बिजली बिलों को लेकर मैंने अधिकारियों से जानकारी ली है। ये बिल PWD विभाग द्वारा पिछले कई सालों के एरियर जोड़कर जारी किए गए हैं। ये विभागीय गलती है। जिस किसी ने भी लापरवाही की होगी, उसके ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी।