हिमाचल: प्रदेश में कांगड़ा जिले में चिट्टा तस्करी में पुलिस ने एक नाबालिग से करीब 20 लाख रुपये का चिट्टा बरामद किया गया है। आरोपी नाबालिग एचआरटीसी बस में सवार था। फिलहाल, पुलिस ने 13 साल के इस नाबालिग को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, कांगड़ा के गगल थाना क्षेत्र के तहत बनोई पुल के पास गश्त के दौरान पुलिस को यह कामयाबी हाथ लगी। चेकिंग के दौरान अमृतसर से बैजनाथ जा रही एचआरटीसी बस को रोका गया तो नाबालिग से 130.48 ग्राम चिट्टा मिला।
बताया जा रहा है कि सीआईए कांगड़ा की टीम एएसआई मनजीत सिंह के नेतृत्व में बुधवार रात नाका लगाया था और 9 बजे नियमित चेकिंग में शाहपुर की ओर से आ रही एचआरटीसी बस को रोका गया। चेकिंग में पुलिस ने पाया कि बस में नाबालिग अकेला बैठा मिला और उसके पास पिट्ठू बैग है। जब पुलिस ने बैग खुलवाया तो होश उड़ गए। बैग से 130.48 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि नाबालिग को यह चिट्टा अमृतसर से उसके रिश्तेदार ने दिया था। रिश्तेदार ने उसे कहा था कि वह आगे सामान ले लेगा। फिलहाल, मामले की जांच मुख्य आरक्षी विकास भट्ट को सौंपी गई है और पुलिस रिश्तेदार की तलाश कर रही है।













