शिमला: KNH से गायनी OPD शिफ्ट करने का विरोध जारी; IGMC में प्रदर्शन

शिमला:राजधानी शिमला में कमला नेहरू अस्पताल (KNH) से गायनी वार्ड शिफ्ट किए जाने के फैसले का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति और शिमला नागरिक सभा ने आज फिर IGMC के बाहर धरना-प्रदर्शन किया और सरकार से निर्णय वापस लेने की मांग की।

केएनएच से गायनी ओपीडी और विभाग को आईजीएमसी शिफ्ट किए जाने का विरोध कर रही जनवादी महिला समिति ने वीरवार को शिमला नागरिक सभा व अन्य संगठनों के साथ मिलकर आईजीएमसी परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू किया। समिति की सचिव फालमा चौहान और अध्यक्ष रंजना जरेट ने सरकार से इस फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक छत के नीचे महिलाओं को उपचार की सुविधा देने की बात कर रहे हैं, वहीं, गायनी विभाग, ओपोडी और वार्ड आईजीएमसी में शिफ्ट कर महिला मरीजों की परेशानी बढ़ाने का काम कर रहे हैं। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं का कहना है कि गायनी वार्ड को कमला नेहरू अस्पताल से हटाकर IGMC में शिफ्ट करने से महिलाओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। सरकार केएनएच में ही गायनी विभाग को लेकर जाए, वहीं पर रोबोटिक सर्जरी और अन्य आधुनिक सुविधाएं दे। प्रदर्शन में फैसला वापस लेने को लेकर खूब नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के इस फैसले को जनविरोधी बताते हुए इसे तुरंत वापस लेने की मांग की।समिति ने चेतावनी दी कि यदि यह फैसला वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदेशभर की महिलाओं को संगठित कर सचिवालय घेराव किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा। इसके अलावा, समिति ने अस्पतालों में टेस्ट, इलाज और अन्य सुविधाओं के शुल्क में बढ़ोतरी को गरीब और मध्यम वर्ग पर अतिरिक्त बोझ करार देते हुए इसे भी तुरंत वापस लेने की मांग की है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed