ताज़ा समाचार

सुंदरनगर: राज्य स्तरीय नलवाड़ किसान एवं देवता मेले में पहली बार सांस्कृतिक परेड का आयोजन

सुंदरनगर: राज्य स्तरीय नलवाड़ किसान एवं देवता मेले के दौरान सुंदरनगर में पहली बार भव्य सांस्कृतिक परेड का आयोजन किया गया। इस परेड का शुभारंभ विशेष अतिथि एवं एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने हरी झंडी दिखाकर किया। वहीं मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। परेड शुकदेव वाटिका से आरंभ होकर भोजपुर बाजार, महाराणा प्रताप चौक से गुजरते हुए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) के प्रांगण में सम्पन्न हुई।

इस परेड में सुंदरनगर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हिमाचल प्रदेश के बारहों जिलों की समृद्ध संस्कृति का आकर्षक प्रदर्शन किया। महाराणा प्रताप चौक पर प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) के प्रांगण में प्रतिभागियों ने मानव श्रृंखला बनाकर हिमाचल प्रदेश का नक्शा प्रस्तुत किया तथा सामूहिक ‘महा नाटी’ का आयोजन भी किया गया।

नशामुक्त हिमाचल की दिलाई शपथ

इस अवसर पर मुख्यातिथि सुंदरनगर के पूर्व सीपीएस एवं पूर्व विधायक सोहनलाल ठाकुर ने सांस्कृतिक परेड के प्रतिभागियों एवं उपस्थित जनसमूह को एंटी चिट्टा एवं नशामुक्त हिमाचल की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए अत्यंत घातक है और यह युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रहा है।

शपथ के दौरान लोगों ने संकल्प लिया कि वे न तो स्वयं नशीले पदार्थों का सेवन करेंगे और न ही किसी अन्य को ऐसा करने देंगे तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाएंगे।

सोहनलाल ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेशभर में चिट्टा मुक्त अभियान चलाया जा रहा है और सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि चिट्टे के खिलाफ सख्त कानून बनाए गए हैं और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों की संपत्ति जब्त की जा रही है। प्रदेश में 143 स्थानों पर छापेमारी कर 50 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध नशा कारोबार के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

इन संस्थानों ने दी भागीदारी

सांस्कृतिक परेड में मांडव्य कला मंच सहित एंजेल पब्लिक स्कूल, डेंटल कॉलेज, संस्कृत कॉलेज, अभिलाषी यूनिवर्सिटी, एमएलएसएम कॉलेज, महावीर पब्लिक स्कूल, श्री साई नर्सिंग कॉलेज, गवर्नमेंट आईटीआई, पॉलिटेक्निक कॉलेज सुंदरनगर, जवाहरलाल नेहरू इंजीनियरिंग कॉलेज, विजय मेमोरियल स्कूल ऑफ एजुकेशन, डीएवी पब्लिक स्कूल तथा अरोमा नर्सिंग कॉलेज के प्रतिभागियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed