सरकाघाट: निदेशालय महिला एवं बाल विकास, शिमला के निर्देशानुसार बाल विकास परियोजना अधिकारी गोपालपुर (सरकाघाट) के अंतर्गत नगर परिषद सरकाघाट के डबरेहल क्षेत्र में एक क्रेच सेंटर स्थापित किया जाएगा। इस क्रेच सेंटर के संचालन के लिए एक क्रेच वर्कर तथा एक क्रेच हेल्पर की नियुक्ति की जानी है। इन पदों के लिए इच्छुक महिला अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अभ्यर्थी सादे कागज पर बाल विकास परियोजना अधिकारी गोपालपुर, सरकाघाट के कार्यालय में 27 मार्च शाम 5:00 बजे तक अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर साक्षात्कार 30 मार्च को प्रातः 10 बजे उपमंडलाधिकारी (ना.) सरकाघाट के कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे। सभी अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के दिन अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों सहित उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
क्रेच वर्कर पद के लिए अभ्यर्थी संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र व क्रेच के लाभान्वित क्षेत्र का सामान्य निवासी होना आवश्यक है तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10+2 (बारहवीं पास) निर्धारित की गई है। वहीं क्रेच हेल्पर पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास अनिवार्य है। दोनों पदों के लिए अभ्यर्थी की आयु विज्ञापन की तिथि तक 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आय प्रमाण पत्र नायब तहसीलदार, तहसीलदार या कार्यकारी मजिस्ट्रेट द्वारा प्रमाणित होना आवश्यक है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी गोपालपुर (सरकाघाट) ने पात्र महिला अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि तक आवेदन जमा करने का आग्रह किया है।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी बाल विकास परियोजना अधिकारी, गोपालपुर (सरकाघाट) के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।