सोलन: पुलिस जिला बद्दी ने कार्रवाई करते हुए बुधवार की शाम को अवैध गांजा की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता पाई है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को इसकी जानकारी मिली थी। आरोपित मुसम्मी कुमार सोनू निवासी बेगूसराय (बिहार) को कैंपस शूज कंपनी, भटोली के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि उसने 10 किलो गांजा, जो बिहार से लाया था, राहुल गुप्ता निवासी सारन (बिहार) को बेचा है, जो गुल्लरवाला में जय मां दुर्गा ढाबा चलाता है।
इस पर राहुल गुप्ता की निशानदेही पर लक्ष्मी नारायण कॉलोनी, वार्ड नंबर 7, वर्धमान (बद्दी) स्थित दुकान से कुल 10.330 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस पर उपरोक्त दोनों आरोपितों के विरुद्ध थाना बद्दी में मामला दर्ज किया गया। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार करके मामले की आगामी तफतीश की जा रही है। एएसपी बददी अशोक वर्मा ने कहा कि आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।