सुंदरनगर: ठरखी गांव के किसानों के लिए प्राकृतिक खेती पर कार्यक्रम आयोजित; किसानों को बांटी गई प्राकृतिक खाद, पशु चारा और मौसमी सब्जियों के बीज

सुंदरनगर: कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) सुंदरनगर द्वारा विकास खंड धनोटु के ठरखी गांव में प्राकृतिक खेती पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला मंडी के उप परियोजना निदेशक डॉ. संजय ठाकुर ने की।

डॉ. ठाकुर ने किसानों को प्राकृतिक खेती की उपयोगिता और इसके लाभों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रासायनिक खेती से मिट्टी की उर्वरता घट रही है और लागत भी बढ़ रही है, जबकि प्राकृतिक खेती से लागत कम और उत्पादन शुद्ध व स्वास्थ्यवर्धक मिलता है।

विशेष अतिथि के रूप में चाम्बी पंचायत के उन्नतशील किसान सरवन कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाले प्रमुख घटकों—बीजामृत, घनजीवामृत, जीवामृत, अग्निअस्त्र और ब्रह्मास्त्र—की जानकारी दी और उनका प्रयोगात्मक प्रदर्शन किया। इसके साथ ही फसलों को रोगमुक्त रखने के लिए खट्टी लस्सी के प्रयोग की विधि भी किसानों को समझाई।

इस अवसर पर किसानों को प्राकृतिक खाद, पशु चारा और मौसमी सब्जियों के बीच भी बांटे गए। कार्यक्रम में सुंदरनगर कृषि विकास खंड के खंड तकनीकी प्रबंधक लेखराज, ठरखी गांव के किसान तथा अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed