सभी नेताओं को मिलजुल कर प्रभावित लोगों की मदद करने की जरूरत है – प्रतिभा सिंह
सभी नेताओं को मिलजुल कर प्रभावित लोगों की मदद करने की जरूरत है – प्रतिभा सिंह
शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने प्रदेश में प्राकृति आपदा बाढ़, बादल फटने व भारी बारिश से हो रहें जानमाल के नुक़सान पर किसी भी झूठी भ्रांति के प्रति लोगों को सतर्क करते हुए उन्हें किसी भी अफवाह के प्रति सचेत किया है। उन्होंने कहा है कि झूठी अफवाहों से लोगों में डर व भय उत्पन्न होता है इसलिए उन्हें पुष्ट व सरकारी सूचनाओं पर ही विश्वास करते हुए अपने जानमाल के प्रति सतर्क रहना चाहिए। प्रतिभा सिंह ने मंडी की भाजपा सांसद के सोशल मीडिया के ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि सुर्खियों में बने रहने के लिए वह कभी भी कुछ भी कह देती है। उन्हें मंडी संसदीय क्षेत्र की कोई चिंता नहीं है।उनका इस क्षेत्र के अधिकारियों से भी कोई संवाद नहीं है। प्रदेश को केंद्र की 2200 करोड़ की आपदा राहत राशि को लेकर भी वह झूठ बोल कर लोगों को गुमराह करने को कोशिश कर रही है। मंडी संसदीय क्षेत्र में भारी बारिश,बादल फटने व व्यास में आई बाढ़ से इस सम्पूर्ण क्षेत्र में भारी तबाही हो रही है। मंडी से कुल्लु,मनाली राष्ट्रीय राज मार्ग जगह जगह पूरी तरह ध्वस्त हो गया है जो बहुत ही चिंता की बात है। प्रदेश में इस बार भी भारी बारिश का कहर जारी है। ऐसे में सभी नेताओं को मिलजुल कर प्रभावित लोगों की मदद करने व उनके जख्मो को भरने की जरूरत है। प्रतिभा सिंह ने प्रदेश के सभी भाजपा सांसदों से आग्रह किया है कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर प्रदेश में हो रहें प्राकृति आपदा से नुक़सान की भरपाई के लिये विशेष आर्थिक पैकेज की मांग करनी चाहिए जिससे प्रदेश के पुनर्निर्माण कार्यो में तेजी लाई जा सकें। किसी भी प्रकार की राजनीति से ऊपर उठ कर भाजपा सांसदों को प्रदेश के प्रति अपने दायित्व को पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाना चाहिए। ————————- प्रतिभा सिंह ने भारी बारिश से भरमौर व चंबा के सलूण गांव में हुई भारी तबाही पर भी दुःख प्रकट करते हुए प्रशासन से प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करने को कहा है। उन्होंने होली बाजार में हो रहें भूमि कटाव पर चिंता जताते हुए लोगों से सुरक्षित रहने का आग्रह किया है।