मण्डी : HRTC की बस अनियंत्रित होकर खेतों में गिरी, 7 की मौत, कई घायल

मण्डी : मण्डी जिले के सरकाघाट उपमंडल में मसेरन के पास तरांगला में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यात्रियों से भरी हिमाचल पथ परिवहन निगम(एचआरटीसी) की बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी। हादसे में  सात यात्रियों की मौत हो गई है। चालक-परिचालक समेत 21 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में चार महिलाएं व चार पुरुष शामिल हैं। दो घायल महिलाओं ने मेडिकल कॉलेज नेरचौक में उपचार के दौरान दम तोड़ा।  घायलों का सरकाघाट अस्पताल व नेरचौक मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। गंभीर रूप से घायल हुए कंडक्टर सहित छह लोगों का उपचार एम्स बिलासपुर में चल रहा है। डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने हादसे की पुष्टि की है।

हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी सरकाघाट व पुलिस थाना की टीम मौके के लिए रवाना हुई। घायलों को एंबुलेंस से सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया गया है।  स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में जुटे रहे। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार हादसे के दौरान बस में चालक-परिचालक के साथ 29 लोग सवार थे।

मुख्यमंत्री ने बस दुर्घटना में सात लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज मंडी जिला के सरकाघाट क्षेत्र में मसेरन के निकट तरंगला में हुई बस दुर्घटना में 7 लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में 27 अन्य लोग घायल हुए हैं। नागरिक अस्पताल सरकाघाट व चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक में घायलों का उपचार किया जा रहा है और गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एम्स बिलासपुर भेजा गया है। हिमाचल पथ परिवहन निगम की दृर्घटनाग्रस्त बस सरकाघाट से दुर्गापुर जा रही थी।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन मंडी को मृतकों के परिजनों को अनुग्रह राशि अतिशीघ्र प्रदान करने और घायलों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की हैं।

एम्स बिलासपुर में घायलों से मिले उप मुख्यमंत्री

परिवहन निगम बस हादसे में घायल हुए लोगों से मिलने उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री गुरुवार दोपहर एम्स बिलासपुर पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों का कुशलक्षेम जाना और परिजनों से भी बात की। साथ ही उन्होंने चिकित्सकों से पीड़ितों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि बस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए कंडक्टर सहित छह लोगों का उपचार एम्स बिलासपुर में चल रहा है। अग्निहोत्री ने पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और उचित सहायता का आश्वासन दिया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed