बिलासपुर : नम्होल में निजी बस खाई में गिरी; मुख्यमंत्री ने एम्स में बस दुर्घटना के घायलों का कुशलक्षेम जाना
बिलासपुर : नम्होल में निजी बस खाई में गिरी; मुख्यमंत्री ने एम्स में बस दुर्घटना के घायलों का कुशलक्षेम जाना
बिलासपुर : गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर पंजाब में हुए सत्संग से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही एक निजी बस नम्होल में खाई में गिर गई। हादसा देर रात करीब 2 बजे के आसपास बिलासपुर जिले के नम्होल क्षेत्र में हुआ, जब बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में बस में सवार कुल 36 यात्रियों में से 32 को चोटें आई हैं। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
जानकारी के अनुसार यह निजी बस पंजाब से श्रद्धालुओं को लेकर शिमला लौट रही थी। श्रद्धालु गुरु पूर्णिमा के विशेष अवसर पर धार्मिक स्थलों की यात्रा पर गए हुए थे। देर रात जब बस नम्होल क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सीधे सड़क किनारे खाई में जा गिरी।
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने बस में फंसे घायलों को तुरंत बाहर निकाला और इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायलों को एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री ने एम्स बिलासपुर में बस दुर्घटना के घायलों का कुशलक्षेम जाना
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज बिलासपुर जिला के नम्होल के समीप हुई बस दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों का कुशलक्षेम जानने के लिए एम्स बिलासपुर का दौरा किया। उन्होंने घायलों से बातचीत की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी घायलों को प्रदेश सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन को घायलों का शीघ्र एवं बेहतरीन उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एम्स बिलासपुर में 32 घायल यात्रियों का इलाज चल रहा है, जबकि बस चालक को मार्कंड के नागरिक अस्पताल में भर्ती किया गया है। ज़िला प्रशासन ने त्वरित कार्यवाही करते हुए पीड़ितों को तत्काल चिकित्सा सुविधा और प्रभावितों को फौरी राहत राशि प्रदान की है। मुख्यमंत्री के साथ तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, कांग्रेस नेता विवेक कुमार, पवन ठाकुर, संजीव गुलेरिया और गौरव शर्मा, उपायुक्त राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।