मुख्यमंत्री व उप-मुख्यमंत्री ने अग्निवीर नवीन कुमार के निधन पर शोक किया व्यक्त

हिमाचल: प्रदेश के कांगड़ा जिला अंतर्गत सुलह विधानसभा क्षेत्र के थुरल गांव हलूं के रहने वाले अग्निवीर नवीन कुमार (25 वर्ष) देश सेवा के दौरान वीरगति को प्राप्त हो गए। जम्मू-कश्मीर के कारगिल स्थित द्रास सेक्टर में तैनाती के दौरान 20 मई की रात भूस्खलन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।

नवीन कुमार भारतीय सेना की जम्मू-कश्मीर राइफल यूनिट में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वे अविवाहित थे और परिवार में उनकी मां अयोध्या देवी, दादा भूमि राम, दादी चंपा देवी, चाचा अशोक कुमार, चाची मंजू देवी और बहनोई मुनीष कुमार शोक संतप्त हैं। उनकी बहन शिवानी का विवाह हो चुका है। उनके पिता स्वर्गीय राजमल भी भारतीय सेना की 13 जैक राइफल यूनिट में हवलदार पद से सेवानिवृत्त हुए थे, जिनका लगभग पांच वर्ष पूर्व निधन हो गया था अग्निवीर नवीन कुमार का पार्थिव शरीर गुरुवार को उनके पैतृक गांव हलूं पहुंचेगा, जहां सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अग्निवीर के निधन पर किया शोक व्यक्त

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की सुलह विधानसभा क्षेत्र के थुरल से संबंध रखने वाले अग्निवीर नवीन कुमार की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। नवीन कुमार का गत दिवस जम्मू-कश्मीर के कारगिल में दुर्भाग्यपूर्ण भू-स्खलन की घटना में निधन हो गया।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

उप-मुख्यमंत्री ने अग्निवीर नवीन कुमार के निधन पर किया शोक व्यक्त

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जम्मू-कश्मीर के कारगिल क्षेत्र में मंगलवार को हुई दुर्भाग्यपूर्ण भू-स्खलन की घटना में अग्निवीर नवीन कुमार की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। नवीन कुमार जिला कांगड़ा के सुलह विधानसभा क्षेत्र के थुरल से संबंध रखते थे।
उप-मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed