हिमाचल: पहलगाम में आतंकी हमले के बाद कांग्रेस ने संविधान बचाओ रैली की स्थगित
हिमाचल: पहलगाम में आतंकी हमले के बाद कांग्रेस ने संविधान बचाओ रैली की स्थगित
शिमला : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने 26 अप्रैल को प्रस्तावित शिमला के चौड़ा मैदान में केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रीय अभियान संविधान बचाओ रैली को फिलहाल स्थागित कर दिया है। अब इस रैली की नई तारीख फिर से तय की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने प्रदेश के पार्टी नेताओं को एक सर्कुलर जारी कर 26 अप्रैल की संविधान बचाओ रैली को स्थागित करने की सूचना जारी की है। उन्होंने बताया है कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए देश के पर्यटकों की निर्मम हत्या के बाद व देश के ताजा घटना क्रम को देखते हुए,मृतकों के सम्मान में प्रदेश कांग्रेस ने संविधान बचाओ की राज्य स्तरीय रैली को फिलहाल स्थागित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इस हमले में मारे गए निरपराध लोगों के प्रति कांग्रेस पार्टी अपनी संवेदना व्यक्त करती है। देश में इस आतंकवादी घटना के बाद देश में भारी गुस्सा व आक्रोश है,और कांग्रेस पार्टी आतंकवाद के खिलाफ व इस दुःख की घड़ी में देश व लोगों के साथ खड़ी है।