37वीं अखिल भारतीय डाक वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2024-25

शिमला :डाक विभाग अपने विभाग में काम करने वाले कर्मचारियों व खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने हेतु प्रति वर्ष इंटर-सर्कल खेल प्रतियोगितायेँ और राष्ट्रीय स्तर पर एक सांस्कृतिक स्पर्धा आयोजित करता है| इससे पहले मंडल और क्षेत्रीय स्तर पर इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। ये आयोजन कर्मचारियों के बीच सौहार्द, खेल भावना और राष्ट्रीय एकता की भावना पैदा करने में मदद करते हैं। इस तरह की गतिविधियां भारतीय डाक की छवि निर्माण और वित्तीय समावेशन के व्यापक संदेश को प्रचारित करने में भी मदद करती हैं। विभाग में सीधी भर्ती की पाँच प्रतिशत रिक्तियाँ नियमित रूप से खिलाड़ियों से भरी जाती हैं |

विभाग में खेल गतिविधियों की निगरानी एक केंद्रीय डाक खेल बोर्ड द्वारा की जाती है, जो सचिव, डाक विभाग, संचार मंत्रालय, भारत सरकार की अध्यक्षता में कार्य करता है। देश में 23 पोस्टल सर्कल हैं जहां केंद्रीय खेल बोर्ड के निर्देशों के तहत अलग सर्किल स्पोर्ट्स बोर्ड काम कर रहे हैं। सेंट्रल खेल बोर्ड और सर्कल खेल बोर्ड का कार्यकाल 2 साल का होता है।

केंद्रीय खेल बोर्ड वित्तीय वर्ष की शुरुआत में प्रत्येक परिमंडल को खेल आयोजनों का आबंटन करता है और इसे आयोजित करने की जिम्मेदारी परिमंडल खेल बोर्ड को देता है। इस वर्ष 2024-25 में खेल आयोजनों को निम्न विवरण के अनुसार विभिन्न डाक परिमंडलों द्वारा आयोजित करने की जिम्मेदारी दी है:-

क्रमांक

परिमंडल का  नाम

आबंटित स्पर्धा/प्रतियोगिता /खेल

1.

केरल

सांस्कृतिक स्पर्धा

2.

आन्ध्रप्रदेश

कैरम

3.

कर्नाटक

बैडमिंटन

4.

हिमाचलप्रदेश

वॉलीबॉल

5.

महाराष्ट्र

शतरंज

6.

मध्यप्रदेश

हॉकी

7.

गुजरात

क्रिकेट

इस वर्ष 37वीं अखिल भारतीय डाक वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2024-25 के आयोजन की जिम्मेदारी हिमाचल प्रदेश सर्किल को दी गई है। प्रतियोगिता का आयोजन राजा वीरभद्र सिंह इनडोर स्टेडियम, कुमारहट्टी, सोलन, हिमाचल प्रदेश, में दिनांक 24 फरवरी से 28 फरवरी 2025 तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भारत के विभिन्न डाक परिमंडलों से तेरह टीमें कुमारहट्टी (सोलन) आ रही हैं।

प्रोफेसर (डा0) राजेश्वर सिंह चंदेल, कुलपति, डा0 यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी (सोलन) 24 फरवरी को पूर्वाह्न 10:00 बजे टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री चमन सिंह धौटा, परशुराम अवार्डी (वॉलीबॉल) उपस्थित होंगें | 27 फरवरी की शाम को राजा वीरभद्र सिंह बहुद्देशीय हाल, कुमारहट्टी, सोलन, हिमाचल प्रदेश में पूरे भारत से आये अतिथि वॉलीबॉल खिलाड़ियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा| खेलों का समापन समारोह 28 फरवरी, 2025 को शाम 2:00 बजे आयोजित किया जाएगा | इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कुछ प्रसिद्ध खिलाड़ी विनायक (प्रो –वॉलीबॉल), रायसन (प्रो –वॉलीबॉल) व अक्षय कापटा (कैप्टन हिमाचल प्रदेश सीनियर टीम) इत्यादि हैं|

गत वर्ष 2023-24 की 36वीं अखिल भारतीय डाक वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2023-24 का आयोजन दिनांक 19.12.2023  से 22.12.2023 तक वड़ोदरा (गुजरात) में किया गया था | इसमें कर्नाटक परिमंडल प्रथम पश्चिमबंगाल परिमंडल  द्वितीय राज्यस्थान परिमंडल तृतीय और हिमाचल प्रदेश परिमंडल चतुर्थ स्थान पर रहे थे |

इस आयोजन से पूर्व हिमाचल प्रदेश सर्किल स्पोर्ट्स बोर्ड ने पिछले कुछ वर्षों के दौरान निम्नलिखित अखिल भारतीय डाक खेलों का आयोजन किया है।

क्रमांक

वर्ष

खेल

1.

2018-19

टेबल टेनिस

2.

2019-20

वॉलीबॉल

3.

2020-21

बैडमिंटन

4.

2022-23

कबड्डी

उपरोक्त खेल गतिविधियों के अलावा, डाक विभाग विभिन्न अन्य कार्यक्रमों का आयोजन भी करता है जैसे कि डाक टिकट प्रदर्शनी, डाक टिकट विमोचन और विशेष आवरण विमोचन इत्यादि।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता के दौरान इस प्रतियोगिता पर आधारित एक विशेष कवर जारी किया जायेगा| प्रतियोगिता के पश्चात  दिनांक 03 मार्च से 08 मार्च 2025 तक डाक विभाग “नारी शक्ति सप्ताह” मनाएगा जिसमें प्रत्येक दिन विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के अमूल्य योगदान को पहचानने के लिए समर्पित होगा|

सम्बंधित समाचार

Comments are closed